Agra Weather Forecast: आगरा में बढ़ी उमस, आज भी हो सकती है झमाझम

Agra Weather आगरा में गुरुवार सुबह न्‍यूनतम तापमान में दर्ज हुई वृद्धि। सामान्‍य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक हुआ दर्ज। सुबह धूप निकल आने के बाद छा गए हैं बादल। शुक्रवार को भी बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Thu, 22 Jul 2021 11:49 AM (IST) Updated:Thu, 22 Jul 2021 11:49 AM (IST)
Agra Weather Forecast: आगरा में बढ़ी उमस, आज भी हो सकती है झमाझम
आगरा में गुरुवार सुबह आठ बजे के बाद बादल छाए हैं।

आगरा, जागरण संवाददाता। ताजनगरी में मानसून मेहरबान हो चुका है। बुधवार का दिन सूखा निकला तो उमस का स्‍तर बढ़ गया, हालांकि देर रात हुई बारिश ने कुछ राहत तो दी है लेकिन गुरुवार सुबह काम पर निकले लोगों को उमस फिर से परेशान करने लगी। पसीना बहना बंद नहीं हो रहा है। मौसम विभाग ने गुरुवार को बारिश होने की संभावना जताई है, इससे मौसम शाम तक सुहाना हो सकता है।

आगरा में गुरुवार सुबह हल्‍की धूप निकली, उसके बाद बादल छा गए। इससे पहले बुधवार-गुरुवार रात करीब तीन बजे शहर के कुछ हिस्‍सों में बरसात हुई। सुबह नींंद से जागने के बाद लोगों को जलभराव देखने को मिला। गुरुवार सुबह न्‍यूनतम तापमान सामान्‍य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक यानि 27:2 डिग्री आंका गया है। वहीं अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। मौसम विभाग का कहना है कि गुरुवार को आगरा में बारिश होते रहने के आसार हैं। इसके बाद धूप निकलेगी। शुक्रवार से बादलों के पीछे सूरज की लुकाछिपी शुरू हो जाएगी, इसके चलते उमस बढ़ सकती है।

उमस छुड़ा रही पसीना

इससे पहले बारिश के बाद धूप निकलने से बुधवार को उमस बढ़ गई। दिन भर लोग पसीने में नहाते रहे। शाम को मौसम बदल गया और हवा में ठंडक महसूस हुई। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तीन दिन बारिश के बाद तेज धूप निकली। धूप के साथ गर्म हवा चलने से उमस बढ़ गई। गर्मी और उमस में लोग पसीने से नहाते रहे। शाम को मौसम बदल गया और गर्मी से हल्की राहत मिल गई। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा।

आज बारिश की संभावना

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि गुरुवार को बादल छाने के साथ बारिश होगी। मौसम विभाग ने 23 जुलाई तक बारिश की संभावना व्यक्त की है। 24 और 25 जुलाई को बादल छाए रह सकते हैं।  

chat bot
आपका साथी