Agra Weather Forecast: आगरा में धूप हुई तेज, तापमान में चार डिग्री का उछाल

Agra Weather आगरा में शनिवार सुबह से ही है तेज धूप। सात बजे धूप निकल आने के साथ बढ़ा तापमान। न्‍यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस हुआ दर्ज। दोपहर में धूप के साथ उमस भी करेगी परेशान। मानसून की हो चुकी है विदाई।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Sat, 02 Oct 2021 12:25 PM (IST) Updated:Sat, 02 Oct 2021 12:25 PM (IST)
Agra Weather Forecast: आगरा में धूप हुई तेज, तापमान में चार डिग्री का उछाल
आगरा में शनिवार सुबह से ही तेज धूप है।

आगरा, जागरण संवाददाता। गर्मी और उमस से लोग परेशान हैं, शनिवार को सुबह का तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। सुबह 10 बजे के बाद तेज धूप में बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। कूलर और एसी चलाने पड़ रहे हैं। अब बारिश के आसार खत्‍म हो चुके हैं। अभी कम से कम 15 तो मौसम ऐसा ही रहेगा। दिन में गर्मी पड़ेगी, रात अपेक्षाकृत ठंडी रहेगी।

मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है, सितंबर में बारिश से तापमान में गिरावट आई थी लेकिन अक्टूबर की शुरुआत के साथ ही गर्मी से लोग परेशान हैं। सुबह से ही तेज धूप निकल रही है, नौ बजे के बाद धूप तेज होती गई, सुबह 10 बजे तेज धूप में बाहर निकलने में परेशानी होने लगी। गर्मी से उमस भी बढ़ गई है। इससे न्यूनतम तापमान सामान्य 22 डिग्री सेल्सियस से चार डिग्री सेल्सियस अधिक 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान भी बढ़कर 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

आठ अक्टूबर तक निकलेगी तेज धूप

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आठ अक्टूबर तक तेज धूप निकलेगी, इससे न्यूनतम और अधिकतम तापमान बढ़ जाएगा। न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, अधिकतम तापमान के 37 से 38 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।

मौसम बदलने से वायरल संक्रमण का खतरा

मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। इससे वायरल संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है। सरोजनी नायडू मेडिकल कालेज के बाल रोग विभाग के डा. नीरज यादव ने बताया कि इस मौसम में वायरल संक्रमण का खतरा रहता है। सर्दी जुकाम और बुखार से पीड़ित हो सकते हैं। इस मौसम में ठंडे पेय पदार्थ का सेवन करने से बचें, घर में किसी एक व्यक्ति को सर्दी जुकाम है तो परिवार के अन्य सदस्य अपना बचाव करें, मास्क लगाएं।

मौसम का बदलाव कर रहा त्वचा को खराब

आगरा में मौसम में हो रहे लगातार बदलाव का असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। कभी धूप तो कभी बरसात के कारण जहां वायरल के मरीजों में वृद्धि हो रही तो त्वचा संबंधी बीमारियां भी बढ़ रही हैं। पूरा दिन तेज धूप निकल रही है, जिससे उमस काफी है। इस बदलते मौसम से त्वचा संबंधी बीमारियों की मरीजों में वृद्धि हुई है। कुछ लोगों को शरीर पर दाने निकल रहे हैं, जिसमें खुजली है तो कईयों को रूखेपन की शिकायत है। दाद-खाज के मरीज भी बढ़े हैं। जिला अस्पताल में रोजाना 300 से ज्यादा मरीज सिर्फ त्वचा संक्रमण के पहुंच रहे हैं। स्किन स्पेशलिस्ट डा. किंशुक सक्सेना बताते हैं कि बरसात के पानी से त्वचा संक्रमण होता है। अगर बरसात में भीग जाएं तो घर आकर साफ पानी से नहाएं। सूती कपड़े पहनें।

पानी का सेवन अधिक करें, पेट हो रहा खराब

गर्मी और उमस से पसीना अधिक निकल रहा है। इससे शरीर में इलेक्ट्रोलाइट की कमी हो रही है। इलेक्ट्रोलाइट की कमी होने से पेट दर्द, डायरिया और पेट संबंधी समस्या बढ गई हैं। एसएन मेडिकल कालेज के डा प्रभात अग्रवाल ने बताया कि इस मौसम में पानी का सेवन अधिक करें, नीबू शिकंजी ले सकते हैं। बाजार के खाद्य पदार्थ का सेवन करने से बचें।

chat bot
आपका साथी