Agra Weather Forecast: आगरा में तेज धूप ने बढ़ाया तापमान, जल्‍द बूंदाबांदी के संकेत

Agra Weather आगरा में बीते दो दिन से धूप में तेजी आई है। इसके चलते न्‍यूनतम और अधिकतम तापमान में वृद्धि हो रही है और उमस भी बढ़ रही है। मौसम विभाग ने 17 अक्‍टूबर से बादल छाने के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। इससे ठंडक बढ़ेगी।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Tue, 12 Oct 2021 11:48 AM (IST) Updated:Tue, 12 Oct 2021 11:48 AM (IST)
Agra Weather Forecast: आगरा में तेज धूप ने बढ़ाया तापमान, जल्‍द बूंदाबांदी के संकेत
आगरा में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।

आगरा, जागरण संवाददाता। मौसम में फिर बदलाव आ रहा है। बीते सप्‍ताह ठंडक का अहसास होने के बाद इस सप्‍ताह सोमवार से गर्माहट बढ़ रही है। मंगलवार को भी धूप में सुबह से तेजी है, पांच मिनट खड़े नहीं हो सकते। इसके चलते उमस का स्‍तर भी बढ़ा है और न्‍यूनतम व अधिकतम तापमान दोनों में ही वृद्धि दर्ज हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी 17 अक्‍टूबर से बदलाव देखने को मिलेगा। बादल छाने के साथ बूंदाबांदी हो सकती है।

मंगलवार को आगरा में सुबह हवा में ठंडक रही, सुबह 10 बजे के बाद धूप तेज हो गई है। सुबह का तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दोपहर में तेज धूप निकलेगी। न्यूनतम तापमान सामान्य 20 डिग्री सेल्सियस से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक 23.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं सोमवार को अधिकतम तापमान में भी तीन डिग्री का इजाफा था। यह 38 डिग्री के करीब पहुंच गया है। इसके चलते ही अब एसी चलाने पड़ रहे हैं।

17 अक्टूबर से तापमान में आएगी गिरावट

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 16 अक्टूबर तक ऐसा ही मौसम रहेगा, न्यूनतम और अधिकतम तापमान अधिक रहेगा। मगर, 17 अक्टूबर से मौसम बदल जाएगा, तापमान में गिरावट आएगी। 17 और 18 अक्‍टूबर को बादल छाने के साथ बूंदाबांदी या गरज के साथ तेज बौछारें आने का अनुमान जताया गया है। इसके बाद अधिकतम तापमान लुढ़ककर 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसके साथ ही आगरा में ठंड की शुरुआत होगी।

पानी का सेवन अधिक करें, पेट हो रहा खराब

गर्मी और उमस से पसीना अधिक निकल रहा है। इससे शरीर में इलेक्ट्रोलाइट की कमी हो रही है। इलेक्ट्रोलाइट की कमी होने से पेट दर्द, डायरिया और पेट संबंधी समस्या बढ गई हैं। एसएन मेडिकल कालेज के डा प्रभात अग्रवाल ने बताया कि इस मौसम में पानी का सेवन अधिक करें, नीबू शिकंजी ले सकते हैं। बाजार के खाद्य पदार्थ का सेवन करने से बचें।

मरीजों की बढ़ी संख्या

मौसम में हो रहा परिवर्तन लोगों को बीमार कर रहा है। ओपीडी और इमरजेंसी में ब्लड प्रैशर और वायरल के मरीजों की संख्या में 30 फीसद तक इजाफा हुआ है। जिला अस्पताल की ओपीडी में सबसे ज्यादा मरीज बुखार, पेट दर्द, डायरिया और ब्लड प्रेशर से संबंधित पहुंच रहे हैं। यही हाल एसएन मेडिकल कालेज की ओपीडी का भी है।

chat bot
आपका साथी