Agra Weather Forecast: आगरा में आज हो सकती है बारिश, सुबह का तापमान पांच डिग्री सेल्सियस अधिक

Agra Weather आगरा में गुरुवार सुबह सात बजे धूप निकल आने के साथ बढ़ा तापमान। तेज धूप निकलने से गर्मी और उमस बढ़ी। दोपहर में बदल सकता है मौसम। शाम तक बारिश होने की संभावना जताई गई है।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Thu, 30 Sep 2021 10:37 AM (IST) Updated:Thu, 30 Sep 2021 10:37 AM (IST)
Agra Weather Forecast: आगरा में आज हो सकती है बारिश, सुबह का तापमान पांच डिग्री सेल्सियस अधिक
आगरा में गुरुवार सुबह से तेज धूप निकली हुई है।

आगरा, जागरण संवाददाता। तेज धूप निकलने से गुरुवार सुबह का तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। गर्मी और उमस बढ़ गई है, मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दोपहर में मौसम बदल सकता है और रात तक बारिश होने की संभावना है।

सुबह सात बजे के बाद धूप तेज होती गई, नौ बजे के बाद तेज धूप से गर्मी और उमस बढ़ गई है। लोग पसीने से नहा रहे हैं, एसी और कूलर चलाने पड़ रहे हैं। तेज धूप निकलने से सुबह का तापमान सामान्य 21 डिग्री सेल्सियस से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

शुक्रवार को छाए रहेंगे बादल

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार को बादल छाए रह सकते हैं, दो अक्टूबर से बादल छट जाएंगे और धूप निकलेगी। इससे अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा और न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

मौसम बदलने से वायरल संक्रमण का खतरा

मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। इससे वायरल संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है। सरोजनी नायडू मेडिकल कालेज के बाल रोग विभाग के डा. नीरज यादव ने बताया कि इस मौसम में वायरल संक्रमण का खतरा रहता है। सर्दी जुकाम और बुखार से पीड़ित हो सकते हैं। इस मौसम में ठंडे पेय पदार्थ का सेवन करने से बचें, घर में किसी एक व्यक्ति को सर्दी जुकाम है तो परिवार के अन्य सदस्य अपना बचाव करें, मास्क लगाएं।

मौसम का बदलाव कर रहा त्वचा को खराब

आगरा में मौसम में हो रहे लगातार बदलाव का असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। कभी धूप तो कभी बरसात के कारण जहां वायरल के मरीजों में वृद्धि हो रही तो त्वचा संबंधी बीमारियां भी बढ़ रही हैं। पूरा दिन तेज धूप निकल रही है, जिससे उमस काफी है। इस बदलते मौसम से त्वचा संबंधी बीमारियों की मरीजों में वृद्धि हुई है। कुछ लोगों को शरीर पर दाने निकल रहे हैं, जिसमें खुजली है तो कईयों को रूखेपन की शिकायत है। दाद-खाज के मरीज भी बढ़े हैं। जिला अस्पताल में रोजाना 300 से ज्यादा मरीज सिर्फ त्वचा संक्रमण के पहुंच रहे हैं। स्किन स्पेशलिस्ट डा. किंशुक सक्सेना बताते हैं कि बरसात के पानी से त्वचा संक्रमण होता है। अगर बरसात में भीग जाएं तो घर आकर साफ पानी से नहाएं। सूती कपड़े पहनें।

chat bot
आपका साथी