Agra Weather Forecast: ताजनगरी की सर्दी में आज लगा बारिश का तड़का, जम्‍मू से ठंडा रहा आगरा

Agra Weather आगरा में शनिवार सुबह पूरे शहर में छाया रहा घना कोहरा। बादलों ने डाला डेरा। सर्द हवाओं के बीच सुबह 11 बजे तक धूप गायब। न्‍यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्‍य से नीचे पहुंचे। शनिवार से छह जनवरी के बीच बारिश होने के भी जताए जा रहे हैं आसार।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Sat, 02 Jan 2021 10:15 AM (IST) Updated:Sat, 02 Jan 2021 10:15 AM (IST)
Agra Weather Forecast: ताजनगरी की सर्दी में आज लगा बारिश का तड़का, जम्‍मू से ठंडा रहा आगरा
आगरा में कोहरे और बादलों की वजह से शनिवार सुबह ऐसा दृश्‍य रहा।

आगरा, जागरण संवाददाता। ताजनगरी में पड़ रही जोरदार सर्दी में शनिवार को बारिश का तड़का भी लगने जा रहा है। मथुरा और कासगंज में बारिश हो रही है। सुबह करीब सात बजे आगरा में भी बूंदाबांदी हो चुकी है। मौसम विभाग ने दो से छह जनवरी के बीच बारिश होने की संभावना जाहिर की है। बारिश होते ही सर्दी और गहराएगी। हालांकि साल के पहले दिन यह हाल रहा कि जम्‍मू से कम तापमान आगरा में दर्ज हुआ था।

आगरा में शनिवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। हाईवे पर वाहन रेंग रेंग कर चले। इधर सर्द हवाओं के चलते अब हाड़ कंपाने वाले सर्दी पड़ने लगी है। सुबह 10 बजे तक धूप नहीं निकली है। सुबह नौ बजे का तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जो एक दिन पहले के मुकाबले तीन डिग्री ज्‍यादा है। इसी के चलते आज बारिश होने की भी संभावना जताई गई है। सुबह बूंदाबांदी हो गई थी। इसके बाद मथुरा और कासगंज में बारिश होने के चलते यहां हवा ठंडी हो चुकी है। दोपहर में तेज बारिश होने की आशंका है।

इससे पहले नए साल का पहला दिन आगरा में जम्मू और शिमला से ठंडा रहा। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंचा। नए साल पर जम्मू का तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस रहा, शिमला का तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सुबह कोहरा छाने के साथ सर्द हवा चलती, ठंड में कंपकंपी छूटने लगी। न्यूनतम तापमान सामान्य सात डिग्री सेल्सियस से पांच डिग्री सेल्सियस कम यानि दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोपहर में धूप निकलने के बाद भी सर्दी से राहत नहीं मिली। शाम को बर्फीली हवा चलने लगी। नए साल पर कडाके की ठंड में लोग ठिठुरते रहे। इससे अधिकतम तापमान सामान्य 22 डिग्री सेल्सियस से चार डिग्री सेल्सियस कम 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आज हो सकती है बारिश, तापमान में होगी बढोत्तरी

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शनिवार को बारिश हो सकती है। मगर, तापमान में बढोत्तरी होगी। रविवार को भी बारिश की संभावना है, न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

chat bot
आपका साथी