Agra Weather Forecast: आगरा में दोपहर गर्म, सुबह कुछ इलाकों में छिटपुट बूंदाबांदी

Agra Weather आगरा में बुधवार को सुबह से ही तेज धूप परेशान कर रही है। न्‍यूनतम तापमान सामान्‍य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक 26.5 डिग्री दर्ज किया गया है। सुबह दयालबाग क्षेत्र में हुई बूंदाबांदी कुछ देर तक रहा ठंडक का अहसास।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Wed, 06 Oct 2021 10:43 AM (IST) Updated:Wed, 06 Oct 2021 10:43 AM (IST)
Agra Weather Forecast: आगरा में दोपहर गर्म, सुबह कुछ इलाकों में छिटपुट बूंदाबांदी
आगरा में बुधवार को तेज धूप के बीच छाता लेकर जाती युवती।

आगरा, जागरण संवाददाता। सुबह से ही गर्मी से बुरा हाल है। बुधवार सुबह का तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। 10 बजे के बाद धूप तेज हो गई है, धूप में खड़ा होना मुश्किल हो रहा है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दोपहर में तापमान बढ़ जाएगा, 36 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच तापमान रह सकता है। सुबह तकरीबन पांच बजे के आसपास दयालबाग क्षेत्र में बूंदाबांदी हुई, इससे टहलने निकले लोगों को ठंडक का अहसास हुआ।

आगरा में सुबह आठ बजे से ही धूप तेज होती गई, सुबह नौ बजे के बाद धूप में पसीना निकलने लगा, 10 बजे के बाद गर्मी के साथ ही उमस बढ़ गई है। लोग परेशान हैं, पंखे से गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। कूलर और एसी चलाने पड़ रहे हैं। इससे सुबह का तापमान सामान्य 22 डिग्री सेल्सियस से चार डिग्री सेल्सियस अधिक 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

12 अक्टूबर तक गर्मी से राहत नहीं

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि गुरुवार को भी तेज धूप निकलेगी, इससे गर्मी और उमस बढ़ जाएगी। 12 अक्टूबर तक गर्मी से राहत नहीं मिलेगी और अधिकतम तापमान 36 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

अक्‍टूबर में मई जैसा अहसास

अक्टूबर में मई-जून वाली गर्मी का अहसास हो रहा है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले सात दिनों में बरसात नहीं होने की संभावना है। साथ ही तापमान में भी वृद्धि होगी। जिन लोगों ने अपने घरों में पानी वाले कूलर बंद कर दिए थे, उन्होंने पानी के साथ कूलर और एसी चलाने शुरू कर दिए हैं। घर से बाहर निकलने पर तेज धूप से त्वचा जलती सी महसूस हो रही है। लोग अक्टूबर में भी मई-जून की तरह सनस्क्रीन लोशन का काफी उपयोग कर रहे हैं।फ्रिजों में फिर से पानी की बोतलें रख दी गई हैं। आइसक्रीम, फालूदा और ठंडे पेय पदार्थों की दुकानों पर भीड़ दिखाई देने लगी है।

वायरल संक्रमण का खतरा

मौसम लगातार बदल रहा है। इस मौसम में वायरल संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ रहा है। सरोजनी नायडू मेडिकल कालेज के बाल रोग विशेषज्ञ डा . नीरज यादव ने बताया कि बच्चों को ठंडे पेय पदार्थ न दें, आइसक्रीम न खिलाएं, घर का बना हुआ सादा भोजन दें। बुखार आने पर डाक्टर से परामर्श लेने के बाद ही दवा दें।

chat bot
आपका साथी