Agra Weather Forecast: आगरा में छाने लगा कोहरा, बादलों के पीछे छिपा सूरज

Agra Weather आगरा में सोमवार सुबह कोहरा पिछले दिनों की अपेक्षा घना रहा। इधर बादल छाए रहने से सूरज के दर्शन भी पूर्वाह्न 11 बजे के बाद हुए हैं। न्‍यूनतम तापमान सामान्‍य से अधिक दर्ज हो रहा है जबकि अधिकतम तापमान में लगातार गिरावट बनी हुई है।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Mon, 06 Dec 2021 11:28 AM (IST) Updated:Mon, 06 Dec 2021 11:28 AM (IST)
Agra Weather Forecast: आगरा में छाने लगा कोहरा, बादलों के पीछे छिपा सूरज
सोमवार सुबह ताजमहल पर इस तरह कोहरा छाया रहा।

आगरा, जागरण संवाददाता। चक्रवात जवाद का ही ये असर माना जा रहा है कि आगरा में लगातार बादलों का डेरा है। सोमवार सुबह पिछले दिनों के मुकाबले कोहरा कुछ घना रहा। दृश्‍यता 50 मीटर की रही। इधर सुबह से ही घने बादल छाए रहने की वजह से धूप भी नहीं निकली। सुबह टहलने निकलेे लोगों को ठंड का अहसास होता रहा। कॉलोनियों और मुहल्‍लों में खुली दुकानों के बाहर लोग अलाव जलाकर उसके पास बैठे नजर आए।

आगरा में मौसम लगातार बदल रहा है, सुबह से ही बादल हैं और 10 बजे तक धूप नहीं निकली है। इससे सर्दी महसूस हो रही है, न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूर्वाह्न 11 बजे के बाद कुछ देर के लिए हल्‍की धूप निकली लेकिन बादलों के बने रहने से उतनी गर्मी नहीं है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि मंगलवार सुबह कोहरा छाएगा और दोपहर में धूप निकलेगी। आठ दिसंबर तक ऐसा ही मौसम रहेगा। संभवत: ये चक्रवाती तूफान जवाद के असर के चलते है। नौ दिसंबर से मौसम बदल जाएगा, बादल छाने के साथ बारिश हो सकती है। इधर अधिकतम तापमान में रविवार को दिनभर बादलों के पीछे सूरज की लुकाछिपी के चलते अधिकतम तापमान सामान्‍य से एक डिग्री सेल्सियस कम होकर 25 डिग्री दर्ज हुआ था।

chat bot
आपका साथी