Agra Weather Forecast: आगरा में चक्रवात का असर, रातभर में 10 एमएम से ज्यादा बारिश
Agra Weather बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात का असर आगरा में शु्क्रवार सुबह तक बना हुआ है। गुरुवार शाम से शुरू हुई रिमझिम पूरी रात होती रही। सुबह तक करीब 10.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज हो चुकी है। इसके चलते एसी और कूलर बंद हो गए हैं।
आगरा, जागरण संवाददाता। मानसून के सीजन में कई सालों के बाद इस तरह लगकर आगरा में बरसात हुई है। गुरुवार शाम से शुरू हुई रिमझिम रात में बूंदाबांदी में तब्दील हो गई। रातभर बूंदों के गिरने से धरती में पर्याप्त नमी आ चुकी है। रात में ही लोगों को अपने एसी और कूलर बंद करने पड़े। दरअसल ये बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात का असर है। 500 किलोमीटर के दायरे में अभी एक दिन और ऐसा ही मौसम बना रहेगा। मौसम विभाग ने शुक्रवार शाम तक तेज बरसात होने के आसार जताए हैं। इधर 40 किलोमीटर की रफ्तार से हवा भी चल रही है।
चक्रवाती तूफान के चलते आगरा में मौसम का मिजाज बदल गया है। गुरुवार रात से शुरू होकर शुक्रवार सुबह तक बूंदाबांदी चलती रही। इसके बाद से तेज हवा चलने लगी है। 24 घंटे में 10.8 एमएम बारिश रिकार्ड की गई। वहीं, न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। करीब आठ बजे के बाद बारिश थमी तो उसके बाद तेज हवा चलने लगी। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि रात तक तेज बारिश हो सकती है। बारिश और तेज हवा चलने से सर्दी का अहसास हो रहा है, एसी और कूलर बंद हैं।
21 सितंबर तक तेज बारिश की संभावना
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार को तेज बारिश हो सकती है, शनिवार और रविवार को भी तेज बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने 21 सितंबर तक बारिश की संभावना व्यक्त की है, इससे तापमान में गिरावट आएगी। घरों में मौसम के मिजाज के अनुरूप व्यंजन बनाए जाने की तैयारी चल रही है।
बच्चों ने लिया मौसम का आनंद
चक्रवात के चलते प्रदेश सरकार ने राज्य में स्कूल और कॉलेजों में दो दिन का अवकाश घोषित कर दिया था। इसके चलते शुक्रवार सुबह बच्चे नींद से देर से जागे और उसके बाद मौसम का आनंद लिया। लोग पिकनिक पर जाने को भी तैयार हैं।
आसमान में डेरा जमाए हैं बादल
गुरुवार से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ है, आसमान में बादल डेरा जमाए हैं। शुक्रवार को सुबह 10.30 बजे तक सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए हैं। आलम ये है कि अब पंखे में भी ठंड लगने लगी है। कई सालों के बाद आगरा में लगातार बादलों का इस तरह डेरा रहा है और रातभर लगातार बूंदाबांदी हुई है।