Agra Weather Forecast: आगरा में रिकॉर्ड बारिश के बाद आसमान साफ, तापमान में आई गिरावट
Agra Weather आगरा में इस साल की एक दिन में सर्वाधिक बारिश सोमवार को दर्ज हुई। रविवार देर रात से सोमवार शाम तक लगातार 44 मिमी बरसात दर्ज हुई है। जो बीते कई सालों में नहीं हुई। हालांकि मंगलवार सुबह से आसमान साफ है और धूप निकल रही है।
आगरा, जागरण संवाददाता। मानसून का सीजन गुजर गया लेकिन उसके बाद एक दिन की बारिश ने कई सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। आगरा में रविवार रात से लेकर सोमवार शाम तक 44 मिमी बरसात दर्ज हुई है। इसी के चलते अधिकतम और न्यूनतम तापमान में दो डिग्री का ही अंतर रह गया था। अधिकतम तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने के चलते ठंड महसूस होने लगी। इधर मंगलवार सुबह से आसमान साफ है और अच्छी धूप निकल रही है। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी बूंदाबांदी की संभावना जताई है।
मंगलवार सुबह से आगरा में आसमान साफ है। दो दिन से भीगे कपड़े, मंगलवार को अच्छी धूप निकलने पर सुखाए जा रहे हैं। सुबह टहलने निकले लोगों को सर्दी का अहसास हुआ, आज भी न्यूनतम तापमान 20 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार से अच्छी धूप निकलने लगेगी और तापमान में बढ़ोत्तरी होगी। इससे पहले सोमवार को पारा 10 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया था। दिन में लोगों को सर्दी लगने लगी, दिन में पांच घंटे तेज बारिश हुई थी। इससे दिन और रात के तापमान में दो डिग्री सेल्सियस का ही अंतर रह गया। मानसून की बारिश भी लगातार 12 घंटे से अधिक देर तक नहीं हुई। ऐसे में रविवार रात दो बजे से शुरू हुई बारिश बंद नहीं हुई। बारिश के साथ हवा चलने से दिन में सर्दी का अहसास होने लगा था, कार्यालय और घर में लोगों को पंखे बंद करने पड़े। बारिश में भीगने पर लोग ठिठुरने लगे। रात को भी बारिश बंद नहीं हुई। वहीं, लगातार बारिश होने से दोपहर का तापमान सामान्य से 10 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया। अधिकतम तापमान सामान्य 34.5 डिग्री सेल्सियस से 10 डिग्री सेल्सियस कम 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इस तरह दिन और रात के तापमान में दो डिग्री सेल्सियस का अंतर रहा था।
15 सितंबर को हो चुकी है मानसून की विदाई, कम हुई बारिश
इस बार मानसून की बारिश औसत से कम हुई है। 15 सितंबर को मानसून की विदाई हो चुकी है। औसत 650 एमएम बारिश होनी चाहिए। मगर, 450 एमएम बारिश ही हुई है।
आज भी हो सकती है बारिश
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि मंगलवार को भी बारिश हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट आएगी। बुधवार से बादल छट जाएंगे और धूप निकलेगी। इससे अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
वायरल संक्रमण और डेंगू का खतरा
मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। इससे वायरल संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है। इस समय डेंगू का संक्रमण भी फैला हुआ है। वायरल, डेंगू और मलेरिया के संक्रमण का खतरा है। सरोजनी नायडू मेडिकल कालेज के बाल रोग विभाग के डा. नीरज यादव ने बताया कि जलभराव न होने दें, ठंडे पेय पदार्थ का सेवन न कराएं। बुखार आने पर तुरंत डाक्टर से परामर्श लें।