Agra Weather Forecast: गर्मी झेलने के लिए रहें तैयार, आगरा में सामान्य से चार डिग्री अधिक रहा तापमान

Agra Weather आगरा में शुक्रवार सुबह से ही है तेज धूप। सात बजे धूप निकल आने के साथ बढ़ा तापमान। न्‍यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस हुआ दर्ज। दोपहर में धूप के साथ उमस भी करेगी परेशान। मानसून की हो चुकी है विदाई।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Fri, 01 Oct 2021 10:40 AM (IST) Updated:Fri, 01 Oct 2021 10:40 AM (IST)
Agra Weather Forecast: गर्मी झेलने के लिए रहें तैयार, आगरा में सामान्य से चार डिग्री अधिक रहा तापमान
आगरा में शुक्रवार सुबह से ही तेज धूप निकली हुई है।

आगरा, जागरण संवाददाता। मानसून की विदाई आगरा से हो चुकी है। जाते-जाते बारिश की जो उम्‍मीद लगी थी, वह पूरी नहीं हो पाई। इसके चलते अब धूप तेज होने के साथ तापमान भी बढ़ने लगा है। तेज धूप निकलने से आगरा में शुक्रवार सुबह का तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। गर्मी और उमस से लोग बेहाल हैं। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दोपहर में तेज धूप निकलेगी। गर्मी झेलने के लिए तैयार हो जाएं। अभी लगातार तापमान बढ़ेगा। सुबह आठ बजे के बाद धूप तेज होती गई, 10 बजे के बाद धूप में निकलने पर लोग पसीने से नहा रहे हैं। पंखा चलाने से गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

38 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंचेगा पारा

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शनिवार को तेज धूप निकलेगी, रविवार को धूप तेज होने के साथ ही उमस बढ़ जाएगी। आठ अक्टूबर तक तेज धूप निकलने से तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।

मौसम बदलने से वायरल संक्रमण का खतरा

मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। इससे वायरल संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है। सरोजनी नायडू मेडिकल कालेज के बाल रोग विभाग के डा. नीरज यादव ने बताया कि इस मौसम में वायरल संक्रमण का खतरा रहता है। सर्दी जुकाम और बुखार से पीड़ित हो सकते हैं। इस मौसम में ठंडे पेय पदार्थ का सेवन करने से बचें, घर में किसी एक व्यक्ति को सर्दी जुकाम है तो परिवार के अन्य सदस्य अपना बचाव करें, मास्क लगाएं।

पानी का सेवन अधिक करें, पेट हो रहा खराब

गर्मी और उमस से पसीना अधिक निकल रहा है। इससे शरीर में इलेक्ट्रोलाइट की कमी हो रही है। इलेक्ट्रोलाइट की कमी होने से पेट दर्द, डायरिया और पेट संबंधी समस्या बढ गई हैं। एसएन मेडिकल कालेज के डा प्रभात अग्रवाल ने बताया कि इस मौसम में पानी का सेवन अधिक करें, नीबू शिकंजी ले सकते हैं। बाजार के खाद्य पदार्थ का सेवन करने से बचें।

मरीजों की बढ़ी संख्या

मौसम में हो रहा परिवर्तन लोगों को बीमार कर रहा है। ओपीडी और इमरजेंसी में ब्लड प्रैशर और वायरल के मरीजों की संख्या में 30 फीसद तक इजाफा हुआ है। जिला अस्पताल की ओपीडी में सबसे ज्यादा मरीज बुखार, पेट दर्द, डायरिया और ब्लड प्रेशर से संबंधित पहुंच रहे हैं। यही हाल एसएन मेडिकल कालेज की ओपीडी का भी है।

chat bot
आपका साथी