Agra Weather Forecast: आगरा में नौ दिन बाद सर्दी की दस्तक, 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा पारा

Agra Weather आगरा में शुक्रवार सुबह रही ठंडक। घास पर पड़ी मिलीं ओस। सुबह 10 बजे के बाद धूप हो गई तेज। रात में होने लगी ठंडक। न्‍यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। जबकि अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 10:45 AM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 10:45 AM (IST)
Agra Weather Forecast: आगरा में नौ दिन बाद सर्दी की दस्तक, 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा पारा
आगरा में सुबह और रात को ठंडक है, दिन में धूप तेज है।

आगरा, जागरण संवाददाता। नौ दिन बाद सर्दी दस्तक दे देगी, नवंबर में सुबह का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा। वहीं, अधिकतम तापमान में भी गिरावट आएगी। अभी दोपहर का तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच में बना हुआ है। गुरुवार सुबह अपेक्षाकृत ठंडी रही। न्‍यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे आ गया है।

आगरा में मौसम का मिजाज बदलने लगा है, सुबह और रात को हवा में ठंडक है और दोहपर में तेज धूप निकल रही है। ऐसे में एक नवंबर से सर्दी दस्तक दे देगी। गुरुवार को सुबह न्‍यूनतम तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जो सामान्‍य ही है। दरअसल अक्‍टूबर का आखिरी सप्‍ताह शुरू होने वाला है। अब लगातार तापमान में गिरावट आएगी। दयालबाग शिक्षण संस्थान के पर्यावरण वैज्ञानिक डा. रंजीत कुमार ने बताया कि नवंबर में सुबह का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा, दोपहर का तापमान 25 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच में रह सकता है। नवंबर अंत तक तापमान में और गिरावट आएगी। इसके साथ ही मौसम भी बदल जाएगा। धूप कुछ देर के लिए निकलेगी।

दिसंबर और जनवरी में कोहरा

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दिसंबर के अंत और जनवरी के पहले सप्ताह में कोहरा पड़ेगा। इस बार घना कोहरा पड़ने की उम्मीद है। 10 से 15 दिन तक कोहरा रह सकता है। जनवरी के द्वितीय सप्ताह से कोहरा छट जाएगा और धूप निकलेगी।

15 नवंबर से डेंगू का प्रकोप होगा कम

तापमान कम होने पर डेंगू का संक्रमण फैलाने वाले वायरस मादा एडीज एजिप्टी का प्रकोप भी कम हो जाएगा। एसएन के बाल रोग विशेषज्ञ डा. नीरज यादव ने बताया कि 15 नवंबर के बाद डेंगू के केस में कमी आएगी। एडीज एजिप्टी मच्छर के लिए 20 से 35 डिग्री सेल्सियस का तापमान अनुकूल रहता है, तापमान में गिरावट आने के साथ मच्छरों का प्रकोप भी कम हो जाएगा और डेंगू केस में कमी आएगी।

वायरल संक्रमण और सर्दी जुकाम का खतरा

मौसम लगातार बदल रहा है। बदले मौसम में सर्दी जुकाम और वायरल संक्रमण का खतरा है। एसएन के बाल रोग विशेषज्ञ डा. नीरज यादव ने बताया कि इस समय बच्चों को ठंडे पेय पदार्थ का सेवन न कराएं। घर में सफाई हो रही है तो मास्क पहन लें और बच्चों को दूर रखें।

chat bot
आपका साथी