श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर झूमे ब्रजवासी, सुंदर झांकी ने मोह लिया मन

गोशाला, बल्केश्वर में चल रही श्रीकृष्ण लीला, मंचीय लीलाओं की मंगलवार से हुई शुरुआत

By JagranEdited By: Publish:Wed, 14 Nov 2018 10:30 AM (IST) Updated:Wed, 14 Nov 2018 10:30 AM (IST)
श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर झूमे ब्रजवासी, सुंदर झांकी ने मोह लिया मन
श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर झूमे ब्रजवासी, सुंदर झांकी ने मोह लिया मन

आगरा (जागरण संवाददाता): श्रीकृष्ण लीला समिति द्वारा बल्केश्वर स्थित गोशाला में आयोजित श्रीकृष्ण लीला में मंगलवार से मंचीय लीलाओं की शुरुआत हो गई। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर ब्रजवासी झूम उठे। श्रीकृष्ण के प्राकट्य की सुंदर झांकी सजाई गई।

मंचीय लीला की शुरुआत कंस द्वारा अपनी बहन देवकी का विवाह वासुदेव के साथ कराने से हुई। कंस दोनों को रथ में बैठाकर छोड़ने के लिए जाता है। तभी आकाशवाणी होती है कि जिस बहन को तू इतने प्यार से ले जा रहा है, उसके आठवें पुत्र के द्वारा तू मारा जाएगा। कंस दोनों को मारने के लिए तलवार निकालता है। महाराजा उग्रसेन के रोकने पर वो उन्हें कारागार में डलवा देता है। कंस के अत्याचार बढ़ने पर देवता भगवान विष्णु के पास जाते हैं। भगवान श्रीकृष्ण का जन्म होता है तो वासुदेव की बेड़ियां और कारागार के फाटक अपने आप खुल जाते हैं। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की मनोहर लीला के समय ब्रज का मयूर नृत्य कलाकारों ने प्रस्तुत किया। वासुदेव श्रीकृष्ण को गोकुल ले जाते हैं। नंदराय के घर से माया को लाते हैं। कंस उसे मारने का प्रयास करता है तो देवकी उसे रोकती है। इस बीच कंस के हाथ से छूटकर योगमाया भविष्यवाणी करती हैं कि अरे धूर्त, तू तुझे मारने वाला बालक इस संसार में पहले ही प्रकट हो चुका है। इस दौरान श्रद्धालु भाव विभोर हो गए। वे जहां थे, वहीं झूम उठे। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि मेयर नवीन जैन ने श्रीकृष्ण की आरती उतारी। अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, विजय रोहतगी, त्रिलोकीनाथ, सुरेंद्र मित्तल, अशोक गोयल, उमेश धर्म, संजय अग्रवाल, अतुल बंसल, संजय गर्ग, संजय गोयल आदि मौजूद रहे।

नंदोत्सव में आज

मीडिया प्रभारी प्रभात रोहतगी ने बताया कि बुधवार को शाम सात बजे से गोशाला में नंदोत्सव मनाया जाएगा। पूतना उद्धार लीला होगी। नंदसखा की सवारी बल्केश्वर पार्क से शुरू होकर गोशाला पहुंचेगी।

chat bot
आपका साथी