आज से खुल जाएगा शाहगंज-तहसील मार्ग

आरयूबी के स्टील गर्डर बदलने का काम पूरा दो दिसंबर की रात से बंद था यह मार्ग

By JagranEdited By: Publish:Mon, 06 Dec 2021 09:32 PM (IST) Updated:Mon, 06 Dec 2021 09:32 PM (IST)
आज से खुल जाएगा शाहगंज-तहसील मार्ग
आज से खुल जाएगा शाहगंज-तहसील मार्ग

आगरा, जागरण संवाददाता। शाहगंज-तहसील मार्ग पर रेल अंडरब्रिज (आरयूबी) के स्टील गर्डर बदलने का काम लगभग पूरा हो गया है। मंगलवार को (आज) सुबह से यह मार्ग आवागमन के लिए खुल जाएगा। इससे यहां से गुजरने वालों को काफी राहत मिलेगी। उन्हें बदले हुए मार्ग से आने-जाने की जरूरत नहीं होगी। उनका दो-तीन किमी का अतिरिक्त चक्कर बच जाएगा।

रेलवे के इंजीनियरिग विभाग ने आगरा कैंट-दिल्ली रेलमार्ग के शाहगंज-सदर तहसील मार्ग के आरयूबी के स्टील गर्डरों को बदलने के लिए मार्ग बंद करने को ब्लाक मांगा था। पूर्व में यह कार्य एक दिसंबर से शुरू होना था। मगर, किन्हीं कारणों से यह कार्य निर्धारित तिथि को शुरू नहीं हो सका। छुटपुट अड़चनों को दूर करने के बाद कार्य शुरू करने के लिए इस मार्ग को दो दिसंबर 12 बजे से बंद कर दिया गया। इसकी वजह से यहां से गुजरने वाले तमाम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। उन्हें बदले हुए मार्ग से गुजरना पड़ रहा था। इसकी वजह से पचकुइयां-लोहामंडी मार्ग स्थित जूता मंडी के सामने काफी लंबा लग रहा था। ट्रैफिक का पूरा दबाव इसी रोड पर आ गया था। ऐसे में लोग यहां जाम में फंसने को मजबूर हो रहे थे। इससे उनको परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। शाहगंज-सदर तहसील मार्ग स्थित आरयूबी का कार्य पूरा होने से लोगों को राहत मिलेगी। आगरा रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी एसके श्रीवास्तव के अनुसार, सोमवार देर रात तक आरयूबी के गर्डर बदलने का कार्य पूरा हो जाएगा। मंगलवार सुबह से इस मार्ग को आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी