साथी की पिटाई से नाराज सफाई कर्मचारियों ने की हड़ताल

आवास विकास सेक्टर चार सात और आठ में न झाड़ू लगी और न कूड़ा उठा अजीत कुमार सहित तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज पुलिस ने हिरासत में लिया

By JagranEdited By: Publish:Fri, 26 Feb 2021 07:30 PM (IST) Updated:Fri, 26 Feb 2021 07:30 PM (IST)
साथी की पिटाई से नाराज सफाई कर्मचारियों ने की हड़ताल
साथी की पिटाई से नाराज सफाई कर्मचारियों ने की हड़ताल

आगरा, जागरण संवाददाता। साथी की पिटाई से नाराज सफाई कर्मचारियों ने शुक्रवार को आवास विकास कालोनी सेक्टर चार, सात और आठ में कामकाज ठप रखा। कर्मचारियों ने आवास विकास सेक्टर चार स्थित चौकी के सामने धरना दिया। कर्मचारी की पिटाई करने वाले अजीत कुमार, उनकी मंजू और बेटी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। दोपहर दो बजे पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया और आरोपितों को हिरासत में ले लिया, तब जाकर सफाई कर्मचारियों की हड़ताल खत्म हुई।

आवास विकास कालोनी सेक्टर सात में गुरुवार को दोपहर में अजीत कुमार, उनकी पत्नी व बेटी ने सफाई कर्मचारी राजकुमार की पिटाई कर दी थी। सफाई कर्मचारी तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़ गए। देर रात तक मुकदमा दर्ज न होने पर शुक्रवार को आवास विकास कालोनी सेक्टर चार, सात और आठ में न तो झाड़ू लगाई और न ही कूड़े का उठान किया। पुलिस चौकी के सामने कर्मचारियों ने धरना दिया। सीओ लोहामंडी रितेश कुमार ने सफाई कर्मचारियों को समझाने का प्रयास किया, मगर कर्मचारी दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे और तब तक धरना खत्म करने से इन्कार कर दिया। उप्र स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद इलाहाबादी ने अजीत कुमार, उनकी पत्नी व बेटी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की बात कही। पुलिस ने अजीत, मंजू और उनकी बेटी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इसके बाद कर्मचारियों ने हड़ताल खत्म करने की घोषणा कर दी। इस मौके पर अनिल राजौरिया, राजेश चौहान, दीपक कुमार, सूरज चौहान, अजय कुमार, पवन चौधरी, हरी बाबू आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी