वाराणसी से गिरफ्तार इनामी को आगरा लेकर पहुंची पुलिस

छह वर्ष से था फरार घर की भी हो चुकी थी कुर्की पुलिस ने मफरूरी दिखाते हुए लगा दी थी केस में चार्जशीट

By JagranEdited By: Publish:Sat, 22 May 2021 08:44 PM (IST) Updated:Sat, 22 May 2021 08:44 PM (IST)
वाराणसी से गिरफ्तार इनामी को आगरा लेकर पहुंची पुलिस
वाराणसी से गिरफ्तार इनामी को आगरा लेकर पहुंची पुलिस

आगरा, जागरण संवाददाता। ताजगंज पुलिस ने छह वर्ष बाद 25 हजार के इनामी को शुक्रवार को वाराणसी से गिरफ्तार किया था। उसको ट्रांजिट रिमांड पर लेकर शनिवार को पुलिस टीम आगरा आ गई। आरोपित पर बालक से कुकर्म का आरोप है।

ताजगंज क्षेत्र में छह मई 2015 को आठ वर्षीय बालक के साथ अप्राकृतिक कृत्य किया गया था। इसका आरोप बालक के पड़ोस में रहने वाले युवक सुशील कुमार यादव पर था। वह मूलरूप से बलिया के थाना हल्दी स्थित अगरौली दोपही का रहने वाला था। थाना ताजगंज में आरोपित के खिलाफ कुकर्म, जान से मारने की धमकी, पाक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपित की तलाश में लगी थी। आरोपित पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया।

20 मई को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपित सुशील कुमार वाराणसी में है। वह कहीं और भागने की फिराक में है। इसके लिए एसटीएफ प्रभारी वाराणसी अनिल कुमार सिंह से भी संपर्क किया गया। 21 मई को वाराणसी स्टेशन से पहले पीएनबी क्लब के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। कोर्ट में पेश करने के बाद ट्रांजिट रिमांड पर आगरा लाया गया। एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि आरोपित सुशील कुमार की तलाश में पुलिस कई बार बलिया गई थी। मगर, वह नहीं मिल रहा था। स्वजन भी उसके बारे में कुछ नहीं बताते थे। वर्ष 2015 में उसके घर की कुर्की कर दी गई थी। इसके बावजूद वह हाथ नहीं आया। पुलिस ने मफरूरी में आरोपित के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी थी।

chat bot
आपका साथी