मेयर साहब, बंदरों के उत्पात से निजात दिलवाओ

नगर निगम की कार्यकारिणी में पार्षद धर्मवीर सिंह ने रखा प्रस्ताव बंदरों को पकड़ने का प्रस्ताव हुआ पास जिला अस्पताल में एंटी रैबीज का इंजेक्शन लगवाने 30 से अधिक पहुंचते हैं लोग

By JagranEdited By: Publish:Thu, 21 Oct 2021 09:14 PM (IST) Updated:Thu, 21 Oct 2021 09:14 PM (IST)
मेयर साहब, बंदरों के उत्पात से निजात दिलवाओ
मेयर साहब, बंदरों के उत्पात से निजात दिलवाओ

आगरा,जागरण संवाददाता। मेयर साहब, बेलनगंज हो या एसएन मेडिकल कालेज और जिला अस्पताल, इन क्षेत्रों सहित शहर के अधिकांश हिस्से में बंदरों के उत्पात से लोग परेशान हैं। हर दिन बंदर लोगों को निशाना बना रहे हैं। जिला अस्पताल में हर दिन एंटी रैबीज इंजेक्शन लगवाने के लिए 30 से अधिक लोग पहुंचते हैं। ऐसे में जनता को बंदरों के उत्पात से निजात दिलवाओ। कुछ इन्हीं शब्दों के साथ रिग रोड के पार्षद धर्मवीर सिंह ने लोगों की परेशानी को कार्यकारिणी की 17वीं बैठक में बयां किया। गुरुवार को बैठक में धर्मवीर सिंह ने बंदरों से निजात दिलवाने का प्रस्ताव रखा और इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पास किया गया। निगम प्रशासन जल्द ही बंदरों को पकड़ने के लिए वन विभाग से अनुमति लेगा। बंदर कहां छोड़े जाएंगे। इसे लेकर जल्द ही बैठक होगी।

मेयर नवीन जैन ने कहा कि बंदरों के काटने की हर दिन दो से तीन शिकायतें मिलती हैं। लोग बंदरों की समस्या से निजात दिलाने के लिए गुहार लगाते हैं। बंदरों को पकड़ने को लेकर जल्द संयुक्त बैठक की जाएगी। नगरायुक्त निखिल टीकाराम ने बताया कि बंदरों को पकड़ने की जल्द कार्य योजना तैयार की जाएगी। वन विभाग से अनुमति मिलने के बाद ही बंदरों को पकड़ा जा सकेगा। इसके लिए वाइल्ड लाइफ एसओएस से बात चल रही है। बैठक में पार्षद मलिन बस्ती नारायण नगर बोदला में गंदा पानी भरा होने की शिकायत की। उन्होंने कहा कि गंदे पानी के चलते मच्छरों का प्रकोप है। ऐसे में ठीक से सफाई होनी चाहिए।

यह भी प्रस्ताव हुए पास

- पार्षद कर्मवीर ने वीर योद्धा गोकुल सिंह जाट की स्मृति में शाहजहां पार्क गेट स्थित तिकोनिया पार्क पर अष्टधातु मूर्ति लगाने का प्रस्ताव रखा। इसे पास किया गया।

- पार्षद जगदीश पचौरी ने आचार्य विद्यासागर महाराज की 50वीं मुनि दीक्षा दिवस के मौके पर विभिन्न कार्यक्रम हो रहे हैं। माल रोड स्थित गोल चौराहा के सामने कीर्ति स्तंभ स्थापित किया जाए। कीर्ति स्तंभ के रखरखाव और देखभाल की जिम्मेदारी आगरा दिगंबर जैन परिषद को दी जाए।

फैक्ट फाइल

- एक अनुमान के अनुसार शहरभर में बीस हजार से अधिक बंदर हैं।

- सबसे अधिक बंदरों के झुंड पुराने शहर के आसपास हैं।

- बंदरों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।

- साढ़े चार साल पूर्व दो करोड़ रुपये से बंदरों की नसबंदी की गई थी।

- नसबंदी के बाद बंदरों को उसी स्थल पर छोड़ दिया गया था।

---

बैठक में अपर नगरायुक्त विनोद कुमार और सुरेंद्र यादव, जल संस्थान के महाप्रबंधक आरएस यादव, मुख्य अभियंता विद्युत संजय कटियार, मुख्य अभियंता सिविल बीएल गुप्ता, डा. अतुल भारती, आरके सिंह, आशीष शुक्ला, पार्षद अनीता खरे, पार्षद संजय राय, गुलाब सिंह, सत्यवीर सिंह, कर्मवीर मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी