CM Yogi से यमुना बचाने की लगाई गुहार, डिसिल्टिंग के साथ बने समोगर में बैराज

विश्व नदी दिवस पर एडीएफ ने की मुख्यमंत्री से मांग। यमुना में कराई जाए डिसिल्टिंग समोगर में बने बैराज। सुप्रीम कोर्ट में भी संस्था ने दायर कर रखी है याचिका। यमुना किनारे स्थानीय प्रजातियों के पौधे लगाए जाएं।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Mon, 28 Sep 2020 10:17 AM (IST) Updated:Mon, 28 Sep 2020 10:17 AM (IST)
CM Yogi से यमुना बचाने की लगाई गुहार, डिसिल्टिंग के साथ बने समोगर में बैराज
एडीएफ ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ईमेल भेजा। फाइल फोटो

आगरा, जागरण संवाददाता। यमुना पर नगला पैमा की जगह समोगर घाट पर बैराज बनाया जाना चाहिए, जिससे अधिक दूरी तक नदी में पानी रुका रहे। इससे भूगर्भ जल स्तर बढ़ने से हरियाली व कृषि को फायदा होगा। यमुना में पांच-छह मीटर तक जमा पाॅलीथिन व इनऑर्गेनिक पदार्थों को हटाने के लिए डिसिल्टिंग कराई जाए। यमुना किनारे स्थानीय प्रजातियों के पौधे लगाए जाएं।

विश्व नदी दिवस पर रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ईमेल कर आगरा डवलपमेंट फाउंडेशन (एडीएफ) ने यह मांग की है। एडीएफ के सचिव केसी जैन ने कहा कि यमुना एक नाले में तब्दील हो चुकी है। एक ओर हम छोटे-छोटे तालाबों व वाटर बॉडी को पुनर्जीवित करने का प्रयास कर रहे हैं, वहीं यमुना की डिसिल्टिंग नहीं कराई जा रही। एडीएफ ने डिसिल्टिंग के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर रखी है, लेकिन उसका विरोध किया जा रहा है। नगर निगम को पोल्यूटर पे सिद्धांत के आधार पर यमुना की डिसिल्टिंग करानी चाहिए। एडीएफ अध्यक्ष पूरन डावर ने भी यमुना में डिसिल्टिंग व बैराज बनाने की मांग का समर्थन किया है। इन दोनों कार्यों से वायु गुणवत्ता भी सुधरेगी।

तीन वर्ष में शुरू नहीं हो सका बैराज का काम

सुप्रीम कोर्ट ने 1996 में आगरा बैराज बनाने का आदेश किया था। अक्टूबर, 2017 में नगला पैमा में बैराज बनाने की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा के साथ स्थलीय निरीक्षण किया, लेकिन तीन वर्ष बीतने के बावजूद काम शुरू नहीं हो सका है। ताज ट्रेपेजियम जोन के नाम पर बैराज को बनने से नहीं रोकना चाहिए। इसके बनने से रिवर टूरिज्म शुरू हो सकेगा और स्मारकों की यात्रा नौकायन के माध्यम से हो सकेगी। वहीं, ताज पर गंदगी के निशान छोड़ने वाले कीड़े गोल्डीकाइरोनोमस की समस्या भी खत्म होगी।

केंद्रीय नदी प्राधिकरण बनाया जाए

रिवर कनेक्ट कैंपेन के सदस्यों ने रविवार सुबह यमुना किनारा स्थित आरती स्थल पर विश्व नदी दिवस मनाते हुए नदियों का हमारे जीवन में महत्व और उन्हें प्रदूषण मुक्त बनाने को सभा की। रिवर कनेक्ट के सूत्रधार ब्रज खंडेलवाल ने कहा कि आगरा में यमुना रिवर कनेक्ट अभियान वर्ष 2014 में शुरू किया गया था। दुनिया की बहुत सारी नदियों की तरह भारतीय नदियां भी प्रदूषित हो चुकी हैं। अगर हम नदी को प्रदूषित करना छोड़ दें तो वो एक बरसात के मौसम में स्वयं को साफ कर लेगी। केंद्रीय नदी प्राधिकरण बनाया जाए। ताज के डाउन स्ट्रीम में शीघ्र बैराज बनाया जाए। श्रवण कुमार, पद्मिनी अय्यर, नंदन श्रोत्रिय, डॉ. देवाशीष भट्टाचार्य, जुगल श्रोत्रिय, राहुल राज, दीपक राजपूत, पं. प्रमोद गौतम, शाहतोष गौतम, दिलीप जैन आदि मौजूद रहे। 

chat bot
आपका साथी