Ram Mandir Ayodhya: नन्हा भक्त, आगरा में राम के काज के लिए मासूम ने दे दी अपनी गुल्लक

Ram Mandir Ayodhya निधि समर्पण के लिए जाेश झुग्गी झोपड़ी से लेकर उद्योगपति हर कोई कर रहा सहयोग। भाजपा विहिप और विचार परिवार के दूसरे सदस्य भी निधि समर्पण अभियान में जुटे हुए हें। पांच वर्षीय बालक भव्य ने भी भेंट की अपनी गुल्लक।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Tue, 19 Jan 2021 04:27 PM (IST) Updated:Tue, 19 Jan 2021 04:27 PM (IST)
Ram Mandir Ayodhya: नन्हा भक्त, आगरा में राम के काज के लिए मासूम ने दे दी अपनी गुल्लक
राम मंदिर निर्माण के लिए अपनी गुल्लक भेंट करता बालक भव्य।

आगरा, जागरण संवाददाता। निधि समर्पण अभियान के तहत गांव-गांव स्वयंसेवक पहुंचे रहे हैं, तो सहयोग करने वाले भी खुद आगे आ रहे हैं। व्यापारी, उद्योगपति ही नहीं झुग्गी- झोपड़ी में रहने वाले और बच्चे भी सहयोग कर रहे हैं। छीपीटोला निवासी मिक्की ओबेराय के आवास पर टोली पहुंची तो पांच वर्षीय बेटे भव्य ने पूछा ये कौन है। जब उसे टोली ने बताया कि वे भगवान श्रीराम के मंदिर निर्माण के लिए सहयोग लेने आए हैं, तो उसने भी धनराशि देने की इच्छा जताई। पिता और टोली सदस्य कुछ समझ पाते तब तक भव्य अपनी गुल्लक लेकर आ गया और पूरी गुल्लक ही समर्पित कर दी। इसे देख सब भावुक हो गए।

भाजपा, विहिप और विचार परिवार के दूसरे सदस्य भी निधि समर्पण अभियान में जुटे हुए हें। विहिप प्रांत उपाध्यक्ष सुनील पाराशर ने मंगलवार को अजीता के नगला, आवास विकास क्षेत्र में निधि समर्पण अभियान चलाया। इस दौरान दर्जनों लोगों ने स्वेच्छा से धनराशि समर्पित की। सदर क्षेत्र में विहिप, बजरंग दल पदाधिकारियों ने संयुक्त अभियान चलाया और निधि समर्पण कराई। समर्पण कराने वालों में महानगर कार्यवाह खगेश, सहसंघचालक संजय, मोहन, दिग्विजयनाथ तिवारी, मुकुल गुलजार आदि थे।

एक लाख राशि की समर्पित

सांसद राजकुमार चाहर ने साेमवार को गांव- गांव निधि समर्पण अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने बरौली अहीर ब्लाक निवासी कोल्ड स्टोर स्वामी सत्यापाल नीरू से अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए एक लाख रुपये का चेक प्राप्त किया। बजरंग दल पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने सुल्तानगंज पुलिया क्षेत्र में अभियान चलाया। झुग्गी-झोपड़ी में रहने वालों ने सहयोग दिया और इसे गौरव का पल बताया। इस दौरान बजरंग दल प्रांत संयोजक राकेश त्यागी, नीरज वर्मा, प्रशांत गुप्ता, विनोद शर्मा, गौरव चौहान, शुभम बंसल, अंकित कठेरिया आदि मौजूद थे। 

chat bot
आपका साथी