Murder of Retired Policeman: आगरा में रिटायर्ड दारोगा की सिर कुचलकर हत्या, घर के व्‍यक्ति पर ही हत्या करने का शक

पत्नी और बेटे के साथ रहते थे घर में घटना के बाद से फरार है छोटा बेटा। इसलिए बेटे पर ही जा रही है शक की सुई। एत्माद्दौला के बजरंग नगर की घटना आरोपित की तलाश में जुटी पुलिस। छोटे बेटे देवेश को नशे का आदी बताया जा रहा है

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Fri, 16 Apr 2021 07:53 AM (IST) Updated:Fri, 16 Apr 2021 07:53 AM (IST)
Murder of Retired Policeman: आगरा में रिटायर्ड दारोगा की सिर कुचलकर हत्या, घर के व्‍यक्ति पर ही हत्या करने का शक
आगरा में रिटायर्ड दारोगा की हत्‍या कर दी गई है।

आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा में एत्माद्दौला क्षेत्र के बजरंग नगर में गुरुवार रात को रिटायर्ड दारोगा की सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। उनका शव कमरे में फर्श पर पड़ा मिला। छोटे बेटे पर हत्या का शक है। घटना के बाद से वह फरार है।

बजरंग नगर निवासी रिटायर्ड दारोगा 65 वर्षीय चोखेलाल बघेल के तीन बेटे हैं। दो बेटे संजय और अजय शादी के बाद अपने परिवार के साथ पास में ही स्थित अलग घर में रहते हैं। छोटा बेटा देवेश और पत्नी नेकसे देवी चोखेलाल के साथ ही घर में रहती थीं। गुरुवार रात को चोखेलाल, उनकी पत्नी और बेटा देवेश घर में सो रहे थे। रात में चोखेलाल की सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। सुबह सात बजे संजय घर पहुंचा तो इसकी जानकारी हुई। नेकसे देवी एक कमरे में सो रही थीं। दूसरे कमरे में चोखेलाल का खून से सना शव पड़ा हुआ था। जबकि देवेश घर से फरार था। उस पर हत्या का शक है। स्वजन का कहना है कि देवेश नशे का आदी है। वह कुछ करता नहीं था। डरा धमकाकर वह रुपये लेता रहता था। रात को उसी ने हत्या की है। नेकसे देवी का कहना है कि रात को वे छत पर सो रही थीं।तड़के वे नीचे आईं तो देवेश उनके पति से झगड़ रहा था। पति ने उनसे कह दिया कि तू कमरे में बंद हो जा नहीं तो ये मार देगा। उनके कहने पर नेकसे देवी एक कमरे में अंदर से बंद हो गईं। इसके बाद उन्हें कुछ नहीं पता। पुलिस देवेश की तलाश में जुटी है। उसके पकड़ में आने पर ही पता चलेगा कि रिटायर्ड दारोगा की हत्या उसने क्यों की? इंस्पेक्टर एत्माद्दौला का कहना है कि रिटायर्ड दारोगा के छोटे बेटे पर हत्या का शक है। उसकी तलाश की जा रही है। 

chat bot
आपका साथी