पारस हास्पीटल के संचालक के खिलाफ हो साजिशन हत्या और देशद्रोह का मुकदमा, प्रियंका और राहुल ने भी किया ट्वीट

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के संज्ञान लेने के बाद सक्रिय हुए कांग्रेसी। एकत्र होकर पहुंचे थाना न्यू आगरा हास्पीटल संचालक को हिरासत में लेने की मांग। सोमवार को पारस हास्पीटल के संचालक डा. अरिंजय जैन के तीन वीडियो वायरल हुए थे।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Tue, 08 Jun 2021 02:45 PM (IST) Updated:Tue, 08 Jun 2021 02:45 PM (IST)
पारस हास्पीटल के संचालक के खिलाफ हो साजिशन हत्या और देशद्रोह का मुकदमा, प्रियंका और राहुल ने भी किया ट्वीट
थाना न्यू आगरा, हास्पीटल संचालक को हिरासत में लेने की मांग करते कांग्रेसी।

आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा के पारस हास्पीटल में मौत की मॉक ड्रिल पर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के संज्ञान लेने के बाद स्थानीय स्तर पर भी कांग्रेसी सक्रिय हो गए। मंगलवार को बड़ी संख्या में एकत्र होकर वो न्यू आगरा थाना पहुंच गए। हास्पीटल संचालक डा. अरिंजय जैन के खिलाफ साजिशन हत्या का मुकदमा दर्ज करने, हास्पीटल को सील करने, हास्पीटल संचालक समेत अन्य दोषियों को हिरासत में लेकर देशद्रोह की कार्रवाई करने और वायरल वीडियो की फोरेंसिक जांच की मांग की।

सोमवार को पारस हास्पीटल के संचालक डा. अरिंजय जैन के तीन वीडियो वायरल हुए थे। इनमें वो अपने स्टाफ से उन मरीजों को छांटने की बात कहते नजर आ रहे हैं, जिनकी आॅक्सीजन बंद हो सकती है। एक मॉक ड्रिल कर के देख लेते हैं। समझ जाएंगे कौन सा मरेगा और कौन सा नहीं मरेगा। वायरल हुए वीडियो से धरती के भगवान कहे जाने वाले चिकित्सकों से जनता का विश्वास डिगा है। इस मामले का संज्ञान लेते हुए मंगलवार सुबह कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और राहुल गांधी ने ट्वीट किए। इसके बाद जिलाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह मीनू, शहर अध्यक्ष देवेंद्र कुमार चिल्लू और प्रदेश सचिव अमित सिंह के नेतृत्व में कांग्रेसी एकत्र होकर थाना न्यू आगरा पहुंच गए। उन्होंने थाना प्रभारी भूपेंद्र बालियान को हास्पीटल संचालक व अन्य दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी। चौ. बच्चू सिंह, बसंत लाल, यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष हेमंत चाहर, एनएसयूआइ अध्यक्ष विलाल अहमद, तरुण सागर, दीपक शर्मा आदि मौजूद रहे।

पारस हास्पीटल पहुंचे कांग्रेसी

कांग्रेस जिलाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह मीनू ने बताया कि प्रशासनिक अधिकारियों के पारस हास्पीटल पहुंचने की जानकारी मिलने पर वो कार्यकर्ताओं के साथ पारस हास्पीटल पहुंच गए थे। वहां एडीएम सिटी डा. प्रभाकांत अवस्थी से उन्होंने जांच के बारे में पूछा तो उन्होंने जांच का विषय होने की बात कहते हुए कुछ भी बताने से इन्कार किया। उन्हें और अन्य सभी कार्यकर्ताओं को हास्पीटल से बाहर निकाल दिया गया।

राहुल गांधी की ट्वीट

राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि भाजपा शासन में आॅक्सीजन व मानवता दोनों की भारी कमी है। इस खतरनाक अपराध के जिम्मेदार सभी लाेगों के खिलाफ तुरंत कार्यवाही होनी चाहिए। दुख की इस घड़ी में मृतकों के परिवारीजनों को मेरी संवेदनाएं।

प्रियंका गांधी ने किया था यह ट्वीट

पारस हास्पिटल में 22 मरीजों की आक्सीजन बंद कर किए गए माॅक ड्रिल के मामले का कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने संज्ञान लिया है। उन्होंने ट्वीट किया, पीएम: मैंने आक्सीजन की कमी नहीं हाेने दी। सीएम: आक्सीजन की कोई कमी नहीं। कमी की अफवाह फैलाने वालों की संपत्ति जब्त होगी। मंत्री: मरीजों को जरूरत भर आक्सीजन दें। ज्यादा आक्सीजन न दें। आगरा अस्पताल: आक्सीजन खत्म थी। 22 मरीजों की आक्सीजन बंद कर माक ड्रिल की। जिम्मेदार कौन? 

chat bot
आपका साथी