आगरा में टोल चेकपोस्ट पर युवक की मौत के बाद बवाल करने वालों पर मुकदमा, दो गिरफ्तार

सदर थाना क्षेत्र में छावनी परिषद के टोल चेक पोस्ट पर मैक्‍सअप पिकअप ने मारी थी टक्‍कर। टोलकर्मी की मौके पर ही मौत हो जाने के बाद पहुंचे गांव के लोगों ने वाहनों में की थी तोड़फोड़। गिरफ्तार दो लोगों को शुक्रवार को किया जाएगा कोर्ट में पेश।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Fri, 25 Jun 2021 10:03 AM (IST) Updated:Fri, 25 Jun 2021 10:03 AM (IST)
आगरा में टोल चेकपोस्ट पर युवक की मौत के बाद बवाल करने वालों पर मुकदमा, दो गिरफ्तार
सदर टोल चेकपोस्‍ट पर बवाल के मामले में पुलिस ने दो लोग गिरफ्तार किए हैं।

आगरा, जागरण संवाददाता। सदर क्षेत्र में छावनी परिषद के टोल चेक पोस्ट पर गुरुवार को कर्मचारी की मौत के बाद पहुंचे गांव के लोगों ने जाम लगाकर हंगामा किया था। इस दौरान कुछ वाहनों में तोड़फोड़ भी की गई। पुलिस ने इस मामले में आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।

सदर क्षेत्र में आरएमओ चौराहा के पास छावनी परिषद का टोल चेक पोस्ट है। गुरुवार को चेक पोस्ट पर बमरौली अहीर निवासी सत्यप्रकाश गाड़ियों से शुल्क लेने का काम कर रहे थे। साथ में दूसरा कर्मचारी धर्मेंद्र गुप्ता भी था। सुबह 11.30 बजे एक मैक्स पिकअप आ रही थी। सत्यप्रकाश इससे शुल्क लेने को आगे बढ़े। तभी मैक्स पिकअप से चालक ने टक्कर मार दी। मैक्स की टक्कर से सत्यप्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद स्वजन और गांव के लोग वहां पहुंच गए। उन्होंने शव रखकर हंगामा किया और जाम लगा दिया। पुलिस के पहुंचने के बाद भी लोग शांत नहीं हुए। राहगीरों के वाहनों में तोड़फोड़ भी की गई। साथ ही पुलिसकर्मियों से भी अभद्रता करने लगे। पुलिस ने किसी तरह भीड़ को काबू में करके मामला शांत कराया। इंस्पेक्टर सदर अजय कौशल ने बताया कि हादसे में युवक की मौत के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही वाहनों में तोड़फोड़ करने और जाम लगाने के मामले में बलवा, तोड़फोड़ और लोक व्यवस्था भंग करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें बमरौली कटरा निवासी दीपचंद यादव और रवि यादव नामजद और 10-15 अज्ञात शामिल हैं। दीपचंद और रवि को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी