Flight from Agra: मुंबई-अहमदाबाद के बाद आगरा से भोपाल फ्लाइट भी स्थगित

Flight from Agra कोरोना के चलते स्थगित की गई है फ्लाइट आगरा-बेंगलुरु हवाई सेवा जारी। सप्ताह में चार दिन उपलब्ध इस फ्लाइट में आने-जाने वाले यात्रियों की संख्या भी सौ से अधिक रहती है। गोवा-आगरा-दिल्ली फ्लाइट भी चल रही है बंद।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Sat, 08 May 2021 06:37 PM (IST) Updated:Sat, 08 May 2021 06:37 PM (IST)
Flight from Agra: मुंबई-अहमदाबाद के बाद आगरा से भोपाल फ्लाइट भी स्थगित
कोरोना ने लगाया आगरा की हवाइ सेवा पर ब्रेक। फाइल फोटो

आगरा, जागरण संवाददाता। ताजनगरी में हवाई सेवा एक बार फिर से पटरी उतर गई है।कोरोना की वजह से भोपाल फ्लाइट भी हालात सामान्य होने तक के लिए स्थगित कर दी गई है। इससे पहले मुंबई और अहमदाबाद हवाई सेवा स्थगित कर दी गई थी। आगरा-बेंगलुरु हवाई सेवा जारी है। सप्ताह में चार दिन उपलब्ध इस फ्लाइट में आने-जाने वाले यात्रियों की संख्या भी सौ से अधिक रहती है।

इंडिगो एयरलाइंस ने मार्च के आखिर में आगरा से मुंबई, अहमदाबाद, बेंगलुरु और भोपाल के लिए हवाई सेवा शुरू की थी। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए अप्रैल के मध्य में आगरा-मुंबई व आगरा-अहमदाबाद फ्लाइट पांच मई तक के लिए स्थगित कर दी गई थीं। काेरोना की रफ्तार थमते न देख इन दोनों हवाई सेवाओं को हालात सामान्य होने तक के लिए स्थगित कर दिया है। आगरा-मुंबई फ्लाइट सप्ताह में सोमवार, बुधवार व शनिवार तथा आगरा-अहमदाबाद फ्लाइट सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को उपलब्ध थी। इसके साथ ही प्रतिदिन संचालित होने वाली आगरा-भोपाल सेवा भी अब अनिश्चित समय के लिए स्थगित कर दी गई है। फिलहाल रविवार, मंगलवार, गुरुवार और शुक्रवार को आगरा-बेंगलुरु के बीच संचालित होने वाली हवाई सेवा जारी है।

गोवा-आगरा फ्लाइट पहले ही बंद

इस साल के शुरुआत में इंडियन एयरलाइंस ने गोवा-आगरा-दिल्ली के बीच सप्ताह में एक दिन (शनिवार) अपनी सेवा शुरू की थी। मार्च शुुरुआत तक यह हवाई सेवा नियमित रही। इसके बाद यह फ्लाइट भी पटरी से उतर गई।इससे आगरा के पर्यटन को काफी झटका लगा।

पीपीई किट व मास्क के निस्तारण की समस्या

खेरिया हवाई अड्डे पर वर्तमान में सप्ताह में चार दिन आगरा-बेंगलुरु हवाई सेवा जारी है। इस फ्लाइट से काफी यात्री बेंगलुरु से आगरा आ रहे हैं और तमाम यात्री यहां से बेंगलुरु जा रहे हैं। कोविड-19 प्रोटोकाल के तहत सभी यात्रियों को पीपीई किट और मास्क पहनना अनिवार्य है। इस फ्लाइट से खेरिया हवाई अड्डे पर उतरने वाले यात्री अपनी पीपीई किट और मास्क हवाई अड्डे पर रखे डस्टबिन में ही छोड़ जाते हैं। हवाई अड्डा प्रबंधन इन पीपीई किट और मास्क के निस्तारण को लेकर परेशान है। कई बार प्रशासनिक अधिकारियों से मांग कर चुके हैं कि नगर निगम के माध्यम से कोविड-19 के नियमों के तहत इसका निस्तारण कराया जाए लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। हवाई अड्डे के कर्मचारी ही इन्हें ठिकाने लगा रहे हैं।

कोरोना की वजह से मुंबई-अहमदाबाद के बाद आगरा-भोपाल फ्लाइट स्थगित कर दी गई है। इनका संचालन अब हालात सामान्य होने के बाद ही होगा।

ए. अंसारी, निदेशक, खेरिया हवाई अड्डा 

chat bot
आपका साथी