रालोद का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद आगरा में जयंत की दूसरी जनसभा भी स्थगित

18 अक्टूबर को किरावली में उनकी जनसभा होनी थी लेकिन ऐन वक्त पर इसे निरस्‍त करना पड़ा। जनसभा को लेकर स्थानीय स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। मगर मौसम खराब होने की वजह से राष्ट्रीय अध्यक्ष की यह जनसभा स्थगित करनी पड़ गई है।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Mon, 18 Oct 2021 05:03 PM (IST) Updated:Mon, 18 Oct 2021 05:03 PM (IST)
रालोद का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद आगरा में जयंत की दूसरी जनसभा भी स्थगित
जयंत चौधरी की आगरा में होने वाली दूसरी जनसभा भी बारिश के कारण निरस्‍त कर दी गई।

आगरा, जागरण संवाददाता। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी की 18 अक्टूबर को फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र के किरावली में होने वाली जनसभा स्थगित हो गई है। इससे पहले उनकी नौ अक्टूबर को अकोला में होने वाली जनसभा भी स्थगित हो चुकी थी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद जयंत की आगरा में जनसभा हो नहीं पा रही। दो बार कार्यक्रम बने और दोनों बार स्थगित करने पड़े।

अन्य दलों की तरह से आगामी चुनाव को लेकर लोकदल भी पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। रालोद नेता जनता के बीच पहुंच रहे हैं। उन्हें भाजपा सरकार की कमियां गिना रहे हैं, साथ ही लोकदल की नीतियों के बारे में बता रहे हैं। वह लोगों को यह भी बता रहे हैं यदि उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो वह उनके लिए क्या करने वाले हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी भी जनता तक अपना संदेश पहुंचाने के लिए विभिन्न शहरों और कस्बों में जनसभाएं कर रहे हैं। 18 अक्टूबर को किरावली में उनकी जनसभा होनी थी लेकिन ऐन वक्त पर यह निरस्त हो गई। राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन आगरी के अनुसार, जनसभा को लेकर स्थानीय स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। मगर, मौसम खराब होने की वजह से राष्ट्रीय अध्यक्ष की यह जनसभा स्थगित करनी पड़ गई है। यदि मौसम साथ देता तो पूरी ऊर्जा के साथ यह जनसभा होती। उन्होंने बताया कि इससे पहले नौ अक्टूबर को अकोला में न्याय अधिकार यात्रा के समापन पर जयंत चौधरी को आना था। यहां भी जनसभा प्रस्तावित थी। इसमें भी जयंत चौधरी नहीं आ पाए थे। राष्ट्रीय प्रवक्ता का कहना है कि तब अस्‍वस्‍थ होने की वजह से जयंत चौधरी जनसभा में नहीं आ पाए थे। अब उनकी जनसभा 27 अक्टूबर को किरावली में होगी।

chat bot
आपका साथी