डांट के डर से बठिडा पहुंच गई थीं किशोरियां

स्वजन को बिना बताए पार्टी करने चली गई थीं दोनों संजय प्लेस से हुई थीं लापता

By JagranEdited By: Publish:Tue, 16 Nov 2021 09:11 PM (IST) Updated:Tue, 16 Nov 2021 09:11 PM (IST)
डांट के डर से बठिडा पहुंच गई थीं किशोरियां
डांट के डर से बठिडा पहुंच गई थीं किशोरियां

आगरा, जागरण संवाददाता। शाहगंज और लोहामंडी क्षेत्र की दो सहेलियां मंगलवार रात को बठिडा से वापस आ गईं। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि वे बिना बताए सहेली की जन्मदिन पार्टी में चली गई थीं। वह स्वजन के फोन रिसीव नहीं कर पाई थीं। पिता की डांट के डर से वे घर न जाकर बठिडा चली गई थीं।

शाहगंज क्षेत्र की 14 वर्षीय किशोरी और लोहामंडी की 17 वर्षीय किशोरी शुक्रवार को लापता हुई थीं। शनिवार को स्वजन ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस तलाश में जुटी थी। इंस्पेक्टर शाहगंज योगेंद्र कुमार ने बताया कि किशोरियों को घर पहुंचा दिया है। उनसे महिला सिपाही ने पूछताछ की थी। पूछताछ में पता चला कि 17 वर्षीय किशोरी ट्यूशन पढ़ने के लिए घर से निकली थीं। एक घंटे बाद 14 वर्षीय किशोरी ट्यूशन पढ़ने के लिए निकली। मगर, वह कोचिग नहीं गई। दोनों संजय प्लेस में अपनी एक सहेली का जन्मदिन मनाने चली गईं। इस दौरान दोनों अपने स्वजन के फोन रिसीव नहीं कर पाईं। पार्टी के बाद 14 वर्षीय किशोरी तनाव में आ गई। उसकी तबीयत खराब हो गई। उसे सहेलियों ने संभाला। बाद में वो घर जाने के लिए निकलीं।

मगर, डांट पड़ने के डर की वजह से घर नहीं गईं। गुरुद्वारा गुरु का ताल के पास एक पार्क में रात भर बैठी रहीं। सुबह एमजी रोड पर आकर घूमने लगीं और यहां से ग्वालियर रोड पर पहुंच गईं। शाहगंज की किशोरी की नानी दिल्ली में रहती हैं। दोनों ने दिल्ली जाने के लिए जानकारी की। किसी ने धौलपुर से ट्रेन में बैठकर जाने को कह दिया। इसके बाद वे धौलपुर चली गईं। बिना टिकट पंजाब मेल में बैठ गईं। मगर, दिल्ली में नहीं उतर पाई। वह पंजाब की तरफ जाने लगीं। उधर, पुलिस को उनकी लोकेशन मिल गई। आरपीएफ की मदद से किशोरियों को ट्रेन से उतार लिया गया। सकुशल बेटियों के घर लौटने पर स्वजन खुश हैं।

chat bot
आपका साथी