Tajmahal: प्रशासन ने ताजमहल को जनता के लिए बना दिया अभिशाप, बैरियर की जगह बदलने का फरमान तुगलकी

राज्य मंत्री डा. जीएस धर्मेश ने बैरियर की जगह बदलने के निर्णय को बताया तुगलकी। स्थानीय लोगों की बुलाई बैठक। मुख्यमंत्री से कराएंगे मुलाकात। प्रशासन ने जनता के साथ ही राज्य मंत्री की राय लेने की जरूरत ही नहीं समझी।

By Nirlosh KumarEdited By: Publish:Wed, 15 Sep 2021 03:25 PM (IST) Updated:Wed, 15 Sep 2021 03:25 PM (IST)
Tajmahal: प्रशासन ने ताजमहल को जनता के लिए बना दिया अभिशाप, बैरियर की जगह बदलने का फरमान तुगलकी
राज्य मंत्री डा. जीएस धर्मेश ने ताजगंज में पुलिस-प्रशासन की मनमानी पर सवाल उठाए हैं।

आगरा, जागरण संवाददाता। ताजगंज में पुरानी मंडी बैरियर को ताजमहल से 500 मीटर की दूरी तय कर लगाने और वाहनों पर सख्ती के पुलिस-प्रशासन के आदेश को राज्य मंत्री डा. जीएस धर्मेश ने तुगलकी फरमान करार देते हुए आपत्ति जताई है। उन्होंने क्षेत्रीय लोगों की बैठक बुधवार को बुलाई है। क्षेत्रीय लोगों की मुलाकात वो मुख्यमंत्री से कराएंगे।

पुलिस-प्रशासन ने ताजगंज थाने में सोमवार को बैठक की थी। इसमें पुरानी मंडी बैरियर को ताजमहल से 500 मीटर की दूरी निर्धारित कर लगाने का निर्णय लिया था। इसके साथ ही ताजमहल के 500 मीटर के दायरे में रहने वाले लोगों को कम वाहन पास दिए जाने की बात कही थी। बैरियर की जगह बदलने से स्थानीय निवासियों व पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। इससे ताजगंज के निवासी सांसत में हैं। इसे वो अव्यवहारिक बता रहे हैं। राज्य मंत्री डा. जीएस धर्मेश ने पुलिस-प्रशासन के निर्णय को तुगलकी करार देते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव से पूर्व इस तरह के तुगलकी निर्णय से वो मुख्यमंत्री को अवगत कराएंगे। प्रशासन ने इस तरह का निर्णय लेने से पू्र्व जनता और उन्हें विश्वास में नहीं लिया। जनता के हितों को नजरअंदाज कर प्रशासन ने ताजमहल को जनता के लिए अभिशाप बना दिया है। राज्य मंत्री ने बुधवार को ताजमहल की 500 मीटर की परिधि में रहने वाले लोगाें की बैठक बुलाई है। जनता के प्रतिनिधिमंडल की बैठक वह मुख्यमंत्री से कराएंगे। उन्होंने निर्णय को रद करने के लिए प्रशासन से कहा है। उन्होंने प्रशासन द्वारा क्षेत्रीय लोगों को वाहन पास जारी नहीं करने पर भी नाराजगी जताई है। सुप्रीम कोर्ट ने केवल स्थानीय निवासियों के लिए ही वाहन पास की व्यवस्था की थी, लेकिन अफसर क्षेत्रीय नागरिकों को वाहन पास जारी न कर मनमानी कर रहे हैं। वहीं, अफसरों के लिए कोई वाहन पास जारी नहीं करने की व्यवस्था न होने के बावजूद सैकड़ों पास जारी कर दिए गए हैं। राज्यमंत्री आगरा छावनी विधानसभा से विधायक हैं और ताजमहल उनके निर्वाचन क्षेत्र में आता है।

chat bot
आपका साथी