Agra Master Plan: मास्टर प्लान में बढ़ेगा शहर का दायरा, ADA ने तैयार किया ड्राफ्ट

Agra Master Plan 29 नवंबर को लखनऊ में एडीए उपाध्यक्ष ड्राफ्ट का करेंगे प्रेजेंटेशन। शासन से अनुमति मिलने के बाद एक माह तक दावे एवं आपत्तियां होंगे स्वीकार। 38 साल के बाद नगर निगम का सीमा विस्तार हुआ है।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Wed, 24 Nov 2021 03:50 PM (IST) Updated:Wed, 24 Nov 2021 03:50 PM (IST)
Agra Master Plan: मास्टर प्लान में बढ़ेगा शहर का दायरा, ADA ने तैयार किया ड्राफ्ट
29 नवंबर को लखनऊ में एडीए उपाध्यक्ष ड्राफ्ट का करेंगे प्रेजेंटेशन।

आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) ने मास्टर प्लान का ड्राफ्ट तैयार कर लिया है। एडीए उपाध्यक्ष डा. राजेंद्र पैंसिया द्वारा 29 नवंबर को ड्राफ्ट का प्रेजेंटेशन लखनऊ में होगा। शासन से अनुमति मिलने के बाद एक माह तक दावे एवं आपत्तियां मांगे जाएंगे फिर इनका निस्तारण किया जाएगा।

मास्टर प्लान में शहर का दायरा बढ़ेगा। खासकर 38 साल के बाद नगर निगम का सीमा विस्तार हुआ है। इसमें सिकंदरा औद्योगिक क्षेत्र सहित दस गांव निगम की सीमा में आ गए हैं। अब इन क्षेत्रों को एडीए के दायरे में लाने की कार्रवाई चल रही है। इसी तरह इनर रिंग रोड, बिचपुरी, कुबेरपुर के आसपास के नवविकसित क्षेत्र एडीए में शामिल करने की तैयारी चल रही है। एडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि प्रेजेंटेशन के बाद ड्राफ्ट शासन में प्रेषित किया जाएगा। अनुमति मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।

सात जोन होंगे

मास्टर प्लान में सात जोन होंगे। यह जोन एक से सात तक होंगे। आगरा महायोजना-2021 में भी शहर में सात जोन हैं। मास्टर प्लान में नए बाजार भी शामिल हैं। साथ ही नए बस स्टैंड और इलेक्ट्रिक बसों का भी प्रस्ताव है।

उत्तरी बाइपास प्रस्तावित

मास्टर प्लान में उत्तरी बाइपास प्रस्तावित है। यह नेशनल हाईवे-19 से अलीगढ़ रोड तक पहुंचेगा। इससे दिल्ली से आने वाले भारी वाहन सीधे अलीगढ़ पहुंच सकेंगे।

इनर रिंग रोड का होगा निर्माण

नेशनल हाईवे-19 को ग्वालियर रोड से जोड़ने के लिए इनर रिंग रोड का निर्माण किया जा रहा है। तीन चरण में बन रहा रोड का पहला चरण पूरा हो गया है जबकि दूसरे चरण का निर्माण चल रहा है। तीसरा चरण देवरी गांव से ग्वालियर रोड तक बनेगा। इसका निर्माण भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा किया जाएगा।

वेंडिंग जोन भी बनेंगे

एमजी रोड, फतेहाबाद रोड, ईदगाह बस स्टैंड सहित शहर की कई और रोड में वेंडिंग जोन बनाया जाएगा। इसके लिए स्थलों का चयन किया जा रहा है। 

chat bot
आपका साथी