Gram Panchayat Chunav: मतपेटिकाएं लूटने वालों पर होगी NSA की कार्रवाई, IAS अधिकारी तलाश रहे सुराग

Gram Panchayat Chunav घटना के कारणों की जांच कर रहे दो आइपीएस अधिकारी। लापरवाह पुलिसकर्मियों पर भी हो सकती है कार्रवाई। फतेहाबाद के रिहावली में बूथ संख्या 10 से गुरुवार को दो मतपेटिकाएं लूटी गई थीं। इनमें से एक में 80 वोट थे जबकि दूसरी खाली थी।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Sat, 17 Apr 2021 01:28 PM (IST) Updated:Sat, 17 Apr 2021 01:28 PM (IST)
Gram Panchayat Chunav: मतपेटिकाएं लूटने वालों पर होगी NSA की कार्रवाई, IAS अधिकारी तलाश रहे सुराग
लापरवाह पुलिसकर्मियों पर भी हो सकती है कार्रवाई।

आगरा, जागरण संवाददाता। पंचायत चुनाव के दौरान गुरुवार को फतेहाबाद के रिहावली और जगनेर के चंदसौरा में प्रधान प्रत्याशी समर्थकों ने मतदान केंद्र पर हमला बोलकर मतपेटिकाएं लूट ली थीं।इस दौरान मतदान केंद्र पर पथराव और तोड़फोड़ भी की गई। दोनों मामलों में पुलिस ने डकैती, बलवा, लोक व्यवस्था भंग करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। दोनों घटनाओं में पुलिस ने 49 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अब इन पर एनएसए की कार्रवाई भी की जाएगी। अभी चंदसौरा से लूटी गई मतपेटिका को बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

फतेहाबाद के रिहावली में बूथ संख्या 10 से गुरुवार को दो मतपेटिकाएं लूटी गई थीं। इनमें से एक में 80 वोट थे, जबकि दूसरी खाली थी। इस मामले में पीठासीन अधिकारी लक्ष्मी नारायण की तहरीर पर 50-60 अज्ञात लोगों के खिलाफ देर रात मुकदमा दर्ज किया गया था। एसएसपी मुनिराज जी ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी को टीम बनाई गई थीं। रात में दबिश देकर पुलिस ने 24 लोगों को गिरफ्तार किया है। रिहावली निवासी प्रधान पद प्रत्याशी लायक सिंह के घर से मतपेटिकाएं बरामद कर ली गई हैं।चुनाव चिह्न कन्नी पर मोहर लगे मतपत्र भी बरामद हुए हैं। मतपेटी में पानी डाल दिया गया था, जिससे मतपत्र गीले हो गए हैं। गिरफ्तार लोगों में नहने, खेत सिंह, लखमी,कामता प्रसाद, बंसल, केशव, बदन सिंह समेत 24 लोग शामिल हैं।सभी को कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।

उधर, जगनेर के चंदसौरा में मतदान केंद्र पर पथराव कर बूथ संख्या 24 से मतपेटिका लूटने के मामले में पीठासीन अधिकारी श्यामलाल की तरफ से अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। इसमें डकैती, बलवा, पथराव सरकारी कार्य में बाधा डालने व सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराएं हैं।पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपितों को चिह्नित करके रात में ही 25 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें से दो लोग पहले से ही पाबंद थे।लूटी गई मतपेटिका अभी बरामद नहीं हुई है।पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। उसकी गिरफ्तारी के बाद ही मतपेटिका बरामद होगी। एसएसपी मुनिराज जी का कहना है कि दोनों घटनाएं गंभीर हैं। इनको कारित करने वाले लोगों की गिरफ्तारी की जा रही है। इनके खिलाफ एनएसए की कार्रवाई की जाएगी।बवाल करने वालों में से बहुत से लोग पहले से ही पुलिस ने एक-एक लाख से पाबंद कर रखे थे। ऐसे लोगों से धनराशि वसूली जाएगी।दोनों घटनाओं की जांच कराई जा रही है।अगर पुलिसकर्मियों की लापरवाही या दोष पाया जाएगा तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। रिहावली में हुई घटना की जांच एसपी पूर्वी और चंदसौरा में हुई घटना की जांच एसपी पश्चिम को दी गई है। 

chat bot
आपका साथी