आगरा-फीरोजाबाद हाईवे पर हादसा, कार डिवाइडर से टकराई, एक की मौत
शिकोहाबाद से शादी में शामिल होकर लौट रहे थे कार सवार। एत्मादपुर क्षेत्र में कल्पना ढाबे के पास हुआ बुधवार को सुबह सुबह हादसा। कालिंदी विहार का रहने वाला था मृतक झपकी लगने पर हुई दुर्घटना। कार सवार दूसरे व्यक़्ति की हालत गंभीर बनी हुई है।
आगरा, जागरण संवाददाता। एत्मादपुर हाईवे पर बुधवार की सुबह चालक के झपकी लगने पर तेज रफ्तार कार डिवाइडर पर चढ़़ने के बाद पेड से टकरा गई। दुर्घटना में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों लोग शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे।
एत्माद्दौला के कालिंदी विहार स्थित गायत्री विहार निवासी सालिगराम की उम्र 55 साल थी। मंगलवार की शाम को शिकोहाबाद में रहने वाले उनके परिचित के यहां शादी थी। सालिगराम अपने परिचित के साथ शादी में शामिल होने के लिए गए थे। बुधवार की सुबह करीब छह बजे वह शिकोहाबाद से घर लौट रहे थे। एत्मादपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित कल्पना ढाबे के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई। वह डिवाइडर पर चढ़ने के बाद उस पर लगे पेड़ से टकरा गई।
जबरदस्त टक्कर के चलते कार कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।उसमें सवार दोनों लोग बुरी तरह से फंस गए थे। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर मौजूद लोगों ने सालिगराम समेत दोनों घायलों को करीब आधा घंटे मशक्कत के बाद किसी तरह कार से बाहर निकाला। उन्हें पास के अस्पताल में लेकर गए। वहां डाक्टरों ने सालिगराम को मृत घोषित कर दिया। कार सवार दूसरे व्यक़्ति की हालत गंभीर बनी हुई है। माना जा रहा है कि दुर्घटना चालक को झपकी लगने से हुआ।
वहीं, हादसे की खबर सालिगराम के घर पहुंचने पर परिवार में रोना-पीटना मच गया। स्वजन एत्मादपुर थाने पहुंच गए। पुलिस का कहना है दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।