लखनऊ एक्सप्रेस वे अथॉरिटी की एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त, छह घायल, हालत गंभीर Agra News

लखनऊ एक्सप्रेस वे तड़के हुए हादसे में घायलों को उपचार के लिए ले जा रही एंबुलेंस भी टायर फटने से पलटी। शुक्रवार सुबह चार बजे हुआ हादसा। बहराइच जिले के नानपारा तहसील के हैं घायल।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Fri, 18 Oct 2019 08:15 AM (IST) Updated:Fri, 18 Oct 2019 08:38 PM (IST)
लखनऊ एक्सप्रेस वे अथॉरिटी की एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त, छह घायल, हालत गंभीर Agra News
लखनऊ एक्सप्रेस वे अथॉरिटी की एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त, छह घायल, हालत गंभीर Agra News

आगरा, जेएनएन। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस पर शुक्रवार तड़के चार बजे हुए हादसे में घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जा रही एंबुलेंस भी दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। दुर्घटना में छह लोग घायल हुए हैं। इनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है, क्योंकि पहले हुए हादसे में घायलों को उपचार मिलने में देरी हो गई। एंबुलेंस के दुर्घटनाग्रस्त होने से एक्सप्रेसवे कर्मी भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए आगरा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

नेपाल की सीमा से सटे तहसील नानपारा जिला बहराइच के निवासी अफाक, मुबारक पुत्र मोहम्मद आशिम, उमेश साहनी और राशिद बोलेरो से जयपुर के लिए जा रहे थे। लगातार गाड़ी चलाते रहने के कारण चारों ही लोग थके हुए थे। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर ये लोग गुरुवार देर रात पहुंचे। शुक्रवार तड़के करीब चार बजे आगरा इंटरचेंज से करीब 9.8 किलोमीटर पहले गाड़ी चला रहे अफाक की झपकी लग गई। नींद में गाड़ी डिवाइडर से टकराकर पलट गई। चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को फतेहाबाद टोल प्लाजा की एंबुलेंस उपचार के लिए आगरा की तरफ रवाना हुई। एंबुलेंस में ड्यूटी डॉक्टर अनूप और चालक प्रवेश थे। रिंग रोड से यमुना एक्सप्रेस वे पर तरफ लिंक रोड पर उतरते समय बड़ा पत्थर आ जाने से एंबुलेंस का टायर फट गया। अनियंत्रित एंबुलेंस सड़क पर कलाबाजियां खाते हुए पलट गई। सुबह करीब पांच बजे हुई इस दुर्घटना के बाद मौके पर आसपास के तमाम लोग जुट गए। लोगों ने घायलों को एंबुलेंस से बाहर निकाला। ड्यूटी डॉक्टर अनूप और एंबुलेंस चालक प्रवेश भी घायल हो गए हैं।

पुलिस ने सभी छह घायलों को आगरा के यमुना पार इलाके में कृष्णा हॉस्पिटल एवं एसएस हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। जहां कुछ की हालत ज्यादा गंभीर बताई जा रही है।

होने लगी काल और होनी की चर्चा

विज्ञान और तकनीक के दौर में दुर्घटनास्थल पर मौजूद लोग काल और होनी की चर्चा में जुटे थे। घायलों की आपबीती सुनने के बाद वहां यही बात हो रही थी कि इसे ही होनी कहते हैं। पहले एक दुर्घटना और उसके बाद इलाज मिलने से पहले ही दूसरी दुर्घटना। काल नानपुरा से इन लोगों को यहां तक खींच लाया...।  

chat bot
आपका साथी