महिला से दोस्ती करने की कोशिश में मारा गया था आगरा में युवक, खुला राज

एत्माद्दौला में दस दिन पहले यमुना किनारे हत्या कर फेंकी लाश का पर्दाफाश। महिला समेत दो आरोपितों को पुलिस ने किया गिरफ्तार। महिला ने ही फोन कर युवक को बुलाया था घर से। युवक लगातार बना रहा था महिला पर दोस्‍ती करने का दबाव।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Sat, 04 Dec 2021 09:52 AM (IST) Updated:Sat, 04 Dec 2021 09:52 AM (IST)
महिला से दोस्ती करने की कोशिश में मारा गया था आगरा में युवक, खुला राज
आगरा में युवक की हत्‍या का पर्दाफाश हुआ है।

आगरा, जागरण संवाददाता। शाहगंज के नगला मोहन के रहने वाले सनी की दस दिन पहले हुई हत्या का पर्दाफाश करते हुए पुलिस महिला समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। सनी की हत्या महिला से दोस्ती करने की कोशिश में हुई थी। उसे महिला ने अपने दोस्त की मदद से मारने के बाद लाश को एत्माद्द़ौला थाना क्षेत्र में यमुना किनारे फेंक दिया था।

एसपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि सनी के पिता मुकेश कुमार ने एत्माद्दौला थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। मुकेश के अनुसार पुत्र सनी को 21 नवंबर को रेखा नाम की महिला ने फोन करके बुलाया था। महिला के साथ उसका मित्र मुकेश जाट भी था। रेखा 22 नवंबर को सनी का मोबाइल घर पर आकर दे गई थी। मोबाइल से सिम और चिप गायब थी।

पुलिस ने शुक्रवार को महिला रेखा को पकड़ने के बाद उससे पूछताछ की। रेखा ने बताया कि वह फैक्ट्री में काम करती है। उसकी टेंपो चालक मुकेश जाट से दोस्ती है। इस दौरान सनी भी उसका पीछा करने लगा था। उस पर दोस्ती का दबाव बना रहा था। मना करने के बाद भी जब वह नहीं माना तो उसने इसकी जानकारी मुकेश को दी। मुकेश ने सनी को बोदला बुलाया, रेखा से दोस्ती की जानकारी दी।

सनी ने रेखा को छोड़ने से मना कर दिया। जिसे लेकर विवाद हो गया। मुकेश जाट ने अपने मित्रों को विशाल और पवन राठौर को बुला लिया। रेखा से उसकी दोस्ती कराने का झांसा देकर गोकुल नगर लेकर आए। यहां पर शराब पिलाने के बाद यमुना किनारे जंगल में लेकर आए। यहां उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी। एसपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि आरोपित रेखा और विशाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

chat bot
आपका साथी