आगरा में तीन साल की मासूम बच्‍ची की तंत्र मंत्र के बाद हत्‍या, जंगल में गड्ढा खोदकर दबाया शव

पिनाहट के गांव जोधपुरा के जंगल की घटना। तीन युवक और महिला लाश को दबाकर गए थे जंगल में। लाल सफेद कपड़े में लिपटा मिला शव शरीर पर चोट के निशान नहीं। मासूम की नहीं हो सकी है पहचान मौके पर मिला चाकू और तंत्र मंत्र का सामान।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Sun, 25 Jul 2021 09:32 AM (IST) Updated:Sun, 25 Jul 2021 09:32 AM (IST)
आगरा में तीन साल की मासूम बच्‍ची की तंत्र मंत्र के बाद हत्‍या, जंगल में गड्ढा खोदकर दबाया शव
आगरा के पिनाहट इलाके में जंगल में गड्ढेे से मासूम का शव बाहर निकालते पुलिसकर्मी।

आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा के पिनाहट इलाके में तंत्र-मंत्र के बाद शनिवार को मासूम की हत्या कर दी गई। शव काे जंगल में गढ्ढा खोदकर दबा दिया। हत्यारे वहां पर पूजा की सामग्री रखकर चले गए। शाम को जंगल में पशुओं को चराने गए युवकों को शक होने पर उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी। देर रात पुलिस को सूचना मिलने पर एसपी ग्रामीण अधिकारी मौके पर पहुंच गए। मासूम की पहचान नहीं हो सकी है।

घटना पिनाहट के गांव जोधपुरा के जंगल की है। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया शनिवार को तीसरे करीब चार बजे टेंपो से आए तीन युवक और एक महिला जंगल की ओर गए थे। कुछ देर बाद महिला और उसके साथी वहां से चले गए। शाम को जंगल में पशुओं को चराने वाले युवक उधर से निकल रहे थे। उन्होंने जंगल खोदे गए गड्ढे पर अगरबत्ती और फूल रखे हुए देखे। युवकों को गड़बड़ी की आशंका हुई।

पशु चराने वाले युवकों ने इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी। देर शाम तक वहां ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने पहले अपने स्तर से गड्ढे में दबाई गई वस्तु के बारे में जानने का प्रयास किया। मगर, शव होने की आशंका पर कोई ग्रामीण उसे खोदने काे तैयार नहीं था। शनिवार की देर रात ग्रामीणों ने पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। थाने का फाेर्स मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने गड्ढा खोदा तो उसमें लाल व सफेद कपड़े में लिपटा हुआ मासूम का शव था। मासूम की उम्र करीब तीन साल है। शव पर कोई चोट का निशान नहीं था। इससे आशंका है कि तंत्र-मंत्र के बाद उसकी गला दबाकर हत्या की गई है। ग्रामीणों ने पुलिस काे बताया कि घटनास्थल पर चाकू व परफ्यूम की शीशी भी पड़ी हुई थी। एसपी ग्रामीण के.वेंकट अशोक ने बताया कि घटनास्थल पर चाकू नहीं मिला है, बच्चे के शरीर पर जाहिरा तौर पर चोट के कोई निशान नहीं हैं। शव की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

आगरा, मध्य प्रदेश और राजस्थान पुलिस काे भी सतर्क किया

शव जहां पर मिला, वहां से मध्य प्रदेश और राजस्थान की सीमा भी मिलती है। एसपी ग्रामीण ने बताया कि आगरा के अलावा सीमा से लगे मध्य प्रदेश और राजस्थान जिलों की पुलिस को भी मासूम की फोटो भेजी गई है। जिससे यह पता लगाया जा सके कि शव वहां से लापता हुए किसी बच्चे का तो नहीं है।

chat bot
आपका साथी