Covid vaccination Center: आगरा का एक ऐसा भी वैक्सीनेशन सेंटर, जहां धक्का मुक्की नहीं बल्कि मिलता है जूस और लस्सी

रोहता स्थित राधास्वामी सत्संग ब्यास वैक्सीनेशन केंद्र पर लोगों के लिए विशेष सुविधा। तभी तो केंद्र पर वैक्सीन लगवाने के लिए आसपास के गांवों से लोग बड़ी संख्या में आ रहे हैं। वो यहां से वैक्सीन लगवाने की सुखद अनुभूति साथ लेकर जा रहे हैं।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Tue, 15 Jun 2021 12:00 PM (IST) Updated:Tue, 15 Jun 2021 12:00 PM (IST)
Covid vaccination Center: आगरा का एक ऐसा भी वैक्सीनेशन सेंटर, जहां धक्का मुक्की नहीं बल्कि मिलता है जूस और लस्सी
राधास्‍वामी वैक्‍सीनेशन सेंटर पर वैक्‍सीन लगवाने पहुंचे लोगों को जूस पिलाते सत्‍संगी।

आगरा, गौरव भारद्वाज। वैक्सीनेशन केंद्र पर अगर धक्का-मुक्की और परेशानी की जगह आपको शिकंजी, जूस और लस्सी मिले तो कैसा लगेगा। कूलर की हवा में आराम से कुर्सी पर बैठकर वैक्सीन लग जाए तो कहने ही किया। मगर, ऐसा किस केंद्र पर होता है। तो हम बता दें कि ताजनगरी के रोहता स्थित राधास्वामी सत्संग ब्यास केंद्र का वैक्सीनेशन सेंटर पर ऐसा ही हो रहा है। यहां पर वैक्सीन लगवाने आने वाले लोगों को वैक्सीन की सुरक्षा के साथ सेवा और सत्कार भी मिल रहा है। तभी तो केंद्र पर वैक्सीन लगवाने के लिए आसपास के गांवों से लोग बड़ी संख्या में आ रहे हैं। वो यहां से वैक्सीन लगवाने की सुखद अनुभूति साथ लेकर जा रहे हैं।

पहले थर्मल स्क्रीनिंग फिर एंट्री

राधास्वमी सत्संग ब्यास केंद्र पर वैक्सीन लगवाने आने वाले लोगों को अंदर घुसते ही चाराें तरफ हरियाली और साफ-सफाई दिखेगी। अगर वाहन से गए हैं तो पार्किंग में गाड़ी लगवाने के लिए सेवादार मदद करेगा। इसके बाद सबसे पहले थर्मल स्क्रीनिंग और सैनिटाइजेशन होगा। यहां से अंदर जाने के बाद सेवादार रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया कर टोकन देंगे। नंबर आने पर वैक्सीन लगाई जाएगी। ऐसे में भीड़ न हो इसके लिए 18 व 45 साल वाले लोगों के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है। शारीरिक दूरी का पालन हो इसके लिए दूर-दूर कुर्सियां डाली गई हैं। चारों तरफ कूलर लगे हुए हैं। जिससे ठंडी हवा में बैठकर अपनी बारी का इंतजार कर सकें।

स्क्रीन पर टोकन नंबर होता है फ्लैश

अपना नंबर के बारे में पूछताछ करने अौर जानकारी के लिए लोगों को कुर्सी से हिलने की जरूरत नहीं पड़ती है। सेंटर पर टीवी स्क्रीन पर टोकन नंबर फ्लैश होते हैं, जिसका नंबर आए वो आराम से उठकर वैक्सीन लगवा आए। इसके अलावा नाम और नंबर की एनाउंसमेंट भी होती है। जिससे जो लोग स्क्रीन पर नंबर न देख पाएं, उन्हें परेशानी न हो।

वैक्सीन के बाद आधा घंटा इंतजार

वैक्सीनेशन के बाद गाइडलाइन के मुताबिक सभी को आधे घंटे वहीं पर इंतजार कराया जाता है। वैक्सीन लेने के बाद क्या करना है और क्या नहीं, इसके बारे में भी बहुत आराम से समझाया जाता है। बुखार आने पर खाने के लिए गोली भी दी जाती है।

खूब पीएं शिकंजी, दोपहर में खाएं खाना

वैक्सीनेशन के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे लोगों के पास सेवादार शिकंजी, लस्सी और पानी लेकर पहुंचते हैं। जिसे जो पसंद हो वो उससे अपनी प्यास बुझा सकता है। इसके अलावा यहां आने वाले लोगों को सुबह साढे़ 11 बजे तक पोहा, चाय बिस्कुट का नाश्ता भी दिया जाता है। इसके बाद एक बजे दोपहर का भोजन होता है। उस समय जो भी लोग वैक्सीनेशन सेंटर पर होते हैं वो भोजन कर सकते हैं। भोजन में राजमा-चावल, दाल, रायता, चूल्हे की रोटी, गुड होता है। हर दिन खाने का मेन्यू बदला जाता है।

सीएमओ भी हुए खुश, बना दिया माडल सेंटर

तीन दिन पहले सीएमओ डा. आरसी पांडेय ने वैक्सीनेशन सेंटर का निरीक्षण किया था। वो यहां की व्यवस्थाएं देखकर बहुत खुश हुए थे। उन्होंने इस केंद्र को माडल वैक्सीनेशन केंद्र घोषित कर दिया। वैक्सीन लगवाने के लिए लोगों की अच्छी संख्या को देखते हुए यहां पर 300 की जगह अब 600 लोगों को एक दिन में वैक्सीन लगवाने की व्यवस्था की गई है। 27 मई से चल रहे सेंटर पर अभी तक 3800 लोगों को वैक्सीन लग चुकी हैं।

सेवा में जुटे हैं 150 सेवादार

राधास्वामी सत्संग ब्यास केंद्र पर वैक्सीन लगवाने आने वाले लोगों की सेवा में 150 सेवादार जुटे हुए हैं। वाहन पार्किंग से लेकर रजिस्ट्रेशन, नाश्ता, पानी और भोजन की व्यवस्था सेवादारों के हाथ में हैं। बड़ी संख्या में महिला सेवादार सुबह से शाम तक इस काम में लगी रहती हैं।

लाकडाउन में हजारों लोगों को कराया था भोजन

राधास्वामी सत्संग ब्यास द्वारा पिछले साल लाकडाउन में हर दिन करीब आठ हजार भोजन के पैकेट तैयार कर वितरित किए जाते थे। पूरे लाकडाउन में लाखों लोगों को भोजन की सेवा की गई। मुख्य सचिव ने इनकी सेवा की सराहना की थी।

chat bot
आपका साथी