Cheating: आगरा में फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बन लोगों से ठगी करने वाला हवलदार गिरफ्तार

बजाज फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी बनकर सस्ता ऋण दिलाने का देते थे आश्वासन। 50 लोगों से कर चुके थे ठगी। फाइनेंस कंपनी का डाटा हासिल करके करते थे धोखाधड़ी। पुलिस ने दो लोगों को किया है गिरफ्तार। सस्ता ऋण दिलाने के नाम पर अपने जाल में फांसते थे।

By Nirlosh KumarEdited By: Publish:Tue, 14 Sep 2021 02:52 PM (IST) Updated:Tue, 14 Sep 2021 02:52 PM (IST)
Cheating: आगरा में फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बन लोगों से ठगी करने वाला हवलदार गिरफ्तार
पुलिस ने फाइनेंस कंपनी के नाम पर ठगी करने वालों को पकड़ा।

आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा में बजाज फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बनकर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले दो साइबर शातिरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित लोगों को सस्ता ऋण दिलाने के नाम पर अपने जाल में फांसते थे। इसके बाद ग्राहकों से फाइल चार्ज, सिक्योरिटी मनी और पंजीकरण के नाम पर अपने खातों में रकम जमा करा लेते थे। इसके बाद शातिर अपना मोबाइल स्विच आफ कर लेते थे।

इंस्पेक्टर जगदीशपुरा राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि मामले में बजाज फाइनेंस कंपनी के मैनेजर करन गुप्ता ने मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें कंपनी का कर्मचारी बनकर आरोपित एक साल से ठगी का खेल कर रहे थे। अब तक 50 लोगों को अपना शिकार बना चुके थे। वह लोगों को फोन करते और उन्हें बताते कि वह बैंक से कम दर पर सस्ता लोन दिला देंगे। जिससे लोग उनके झांसे में आ जाते थे। वह लोगों से 12 हजार से 35 हजार रुपये तक जमा कराते थे। रकम जमा कराने के बाद वह अपना मोबाइल नंबर बंद कर देते थे।

कंपनी मैनेजर के मुकदमा दर्ज कराने के बाद पुलिस ने विचेचना के बाद धोखाधड़ी करने वाले आरोपितों रवि और हवलदार को गिरफ्तार कर लिया। उनसे दो मोबाइल बरामद किए हैं। आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि वह एक साल में 50 से भी ज्यादा लोगों से ठगी कर चुके हैं। वह कंपनी में ऋण के लिए आवेदन करने वालों का डाटा हासिल करने के बाद उन्हें शिकार बनाते थे। पुलिस ने दो महीने पहले भी कंपनी के नाम पर ठगी करने वाले आरोपितों को गिरफ्तार किया था। दाेनों झांसी के रहने वाले थे।

chat bot
आपका साथी