Teacher's Day: शिक्षक दिवस पर आगरा में 75 शिक्षक होंगे सम्मानित, रहा है इनका खास योगदान

माध्यमिक शिक्षा विभाग करेगा 75 स्थानीय शिक्षकों का सम्मान। शिक्षा का स्तर उठाने व नए प्रयोग करने वाले को मिलेगा प्रोत्साहन। इसमें 50 फीसद वित्तविहीन विद्यालयों के शिक्षक होंगे जबकि शेष 50 फीसद राजकीय सहायता प्राप्त व संस्कृत माध्यमिक विद्यालयों के।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Sat, 04 Sep 2021 08:46 AM (IST) Updated:Sat, 04 Sep 2021 08:46 AM (IST)
Teacher's Day: शिक्षक दिवस पर आगरा में 75 शिक्षक होंगे सम्मानित, रहा है इनका खास योगदान
आगरा में शिक्षक दिवस पर 75 शिक्षकों का सम्‍मान किया जाएगा।

आगरा, जागरण संवाददाता। माध्यमिक शिक्षा विभाग पांच सितंबर को शिक्षक दिवस पर जिले के 75 शिक्षकों को सम्मानित करेगा। यह सम्मान शिक्षा का स्तर उठाने, बेहतर शिक्षा देने व नए प्रयोगों के लिए दिया जाएगा। कार्यक्रम सचदेवा मिलेनियम स्कूल में प्रस्तावित है।

जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया पूर्व राष्ट्रपति डा. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर खास आयोजन होगा। शासन ने राजकीय, सहायता प्राप्त, संस्कृत, वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों के उत्कृष्ट प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षकों को सम्मानित करने के निर्देश दिए हैं। जिले के 75 शिक्षकों को अंगवस्त्र व प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इसमें 50 फीसद वित्तविहीन विद्यालयों के शिक्षक होंगे, जबकि शेष 50 फीसद राजकीय, सहायता प्राप्त व संस्कृत माध्यमिक विद्यालयों के। विभाग चयनित शिक्षकों के कृतित्व, व्यक्तित्व व ख्याति आदि का परीक्षण करेगा। विभागीय या कोर्ट स्तर से दंड पाने वाले या आपराधिक मामलों में आरोपित नहीं चुने जाएंगे। कार्यक्रम में राज्य व मुख्यमंत्री पुरस्कार के लिए चयनित शिक्षक भी शामिल होंगे।

यह होंगे मानक

- विगत वर्षों में विद्यालय व अध्यापित विषय का परीक्षाफल उत्कृष्ट रहा हो।

- कार्य व व्यवहार उत्कृष्ट कोटि का हो।

- लाकडाउन अवधि में आनलाइन पठन-पाठन में उल्लेखनीय योगदान दिया हो।

- सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से विद्यालय अवस्थापना सुविधाओं में उल्लेखनीय वृद्धि की हो।

- विद्यालय के नामांकन में निरंतर वृद्धि की हो।

- पाठ्य सहगामी क्रियाकलापों का आयोजन अच्छी तरह किया हो।

मिलेगा राज्य अध्यापक पुरस्कार

बेसिक शिक्षा विभाग के राज्य अध्यापक पुरस्कार 2019 के लिए चयनित पूर्व माध्यमिक विद्यालय कागारौल प्रथम, ब्लाक खेरागढ़ के सहायक अध्यापक सत्यपाल सिंह का इंतजार भी खत्म होने वाला है। प्रभारी बीएसए बृजराज सिंह ने बताया कि वर्ष 2019 में प्रदान किए गए राज्य अध्यापक पुरस्कार के चयनित शिक्षक पांच सितंबर को जिला स्तर पर सम्मानित होंगे। वहीं माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों को भी सम्मानित करने की तैयारी है।

chat bot
आपका साथी