OPPO भारत में जल्द खोल सकता है दूसरा R&D सेंटर, यूजर्स को मिलेगा नया अनुभव
OPPO हैदराबाद के बाद अपना दूसरा RD सेंटर बंगलुरू में खोलने की योजना बना रहा है और इसके लिए कंपनी 7 अरब डॉलर खर्च कर सकती है
नई दिल्ली, टेक डेस्क। चीनी स्मार्टफोन निर्माता कंपनी OPPO ने चीन में चल रहे OPPO INNO DAY 2019 इवेंट के दौरान इंटेलिटेंट कनेक्टिविटी के क्षेत्र में अपनी योजनाओं से जुड़ी जानकारी शेयर की। साथ ही इवेंट में कंपनी ने स्मार्टवॉच, स्मार्ट हेडफोन, 5G CPE और AR Glass को पेश किया। नई तकनीक से लैस ये डिवाइस यूजर्स को 5G सपोर्ट के साथ शानदार अनुभव देने में सक्षम है। इस इवेंट के दौरान कंपनी ने बताया वह भारत में अपना दूसरा R&D (शोध एवं विकास) केंद्र खोलने की तैयारी कर रही है और इसके लिए 7 अरब डॉलर निवेश किया जा सकता है।
OPPO ने इसी साल भारत के हैदराबाद में अपना पहला R&D (शोध एवं विकास) सेंटर खोला था। वहीं अब कंपनी भारत में दूसरा शोध एवं विकास केंद्र बेंगलुरू में खोल सकती है। जहां यूजर्स को नई तकनीक से लैस डिवाइस का अनुभव लेने का मौका मिलेगा।कंपनी के फाउंडर और सीईओ Tony Chen ने यह जानकारी देते हुए स्पष्ट किया गया कि इंटेलिजेंट कनेक्टिविटी के क्षेत्र में हमारी तीन मुख्य रणनीतियां हैं और हम अगले तीन वर्षों में इन पर काम करेंगे। हमारी मुख्य योजना R&D सेंटर है इसमें निवेश करने के लिए हमने 50 बिलियन यानि 7 अरब डॉलर का बजट तय किया है। इसके अलावा हम 5G/6G, AI, AR, big data और अन्य तकनीकों पर भी काम कर रहे हैं।
Tony Chen ने कहा कि भारत हमारे लिए महत्वपूर्ण है और हम भारत में दूसरा आरएंडडी सेंटर खोलने पर विचार कर रहे हैं। हमने भारत में लगभग 60 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि देखी है और उम्मीद है कि साल के अंत तक यह आंकड़ा बढ़ जाएगा। भारत में कंपनी के इस प्रदर्शन में हम काफी खुश हैं। Chen ने यह भी स्पष्ट किया कि हमारी कंपनी का फोकस केवल स्मार्टफोन पर ही नहीं है बल्कि हम हमेशा से ही स्मार्टफोन के साथ अन्य तकनीकी पोर्टफोलियो पर भी काम करते रहे हैं। हम यह बिल्कुल नहीं चाहते कि OPPO केवल एक स्मार्टफोन निर्माता कंपनी बनकर रहे।