Microsoft ने चीन में LinkedIn बंद करने का किया ऐलान, जानें इसके पीछे की वजह

Microsoft ने चीन में LinkedIn के लोकल वर्जन को बंद करने का ऐलान किया है। क्योंकि अब चीन ने अपने यहां इंटरनेट पर लगने वाली सेंसरशिप का विस्तार किया है। बता दें कि LinkedIn को 2014 में चीन में लॉन्च किया गया था।

By Ajay VermaEdited By: Publish:Fri, 15 Oct 2021 10:27 AM (IST) Updated:Fri, 15 Oct 2021 10:27 AM (IST)
Microsoft ने चीन में LinkedIn बंद करने का किया ऐलान, जानें इसके पीछे की वजह
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म LinkedIn की यह है फाइल फोटो

नई दिल्ली, टेक डेस्क। जानी-मानी टेक्नोलॉजी कंपनी Microsoft ने चीन में LinkedIn के लोकल वर्जन को बंद करने की घोषणा की है। कंपनी ने यह कदम इसलिए उठाया है, क्योंकि चीन ने इंटरनेट पर लगने वाली सेंसरशिप का विस्तार किया है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि लिंक्डइन को पहले अमेरिका से ऑपरेट किया जाता था, हालांकि अब यह पोर्टल चीन में संचालित है। इस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को चीन में 2014 में लॉन्च किया गया था।

Microsoft ने कहा है कि चीन में अधिक चुनौतीपूर्ण परिचालन वातावरण और अधिक अनुपालन आवश्यकताओं के कारण लिंक्डइन को बंद करने का फैसला लिया गया है। इसकी बजाय अब Microsoft चीन में एक नया जॉब पोर्टल लॉन्च करेगी, जिसमें लिंक्डइन की सुविधाएँ नहीं होंगी।

पिछले महीने यानी सितंबर में लिंक्डइन ने चीन में कई अमेरिकी पत्रकारों को उनके प्रोफाइल में "prohibited content" का हवाला देते हुए ब्लॉक कर दिया था। हाल के महीनों में चीन में शिक्षाविदों और शोधकर्ताओं के प्रोफाइल को भी कथित तौर पर प्लेटफॉर्म पर ब्लॉक कर दिया गया है।

बता दें कि LinkedIn को चीन में 2014 में देश में सख्त इंटरनेट कानूनों का पालन करने के लिए डिजाइन की गई सीमित सुविधाओं के साथ लॉन्च किया गया था। नई साइट जिसे इनजॉब्स कहा जाता है, उसमें सामाजिक फीड शामिल नहीं होगी और उपयोगकर्ताओं को पोस्ट या लेख साझा करने की अनुमति भी नहीं होगी।

रिसर्च फर्म स्टेटिस्टा के डेटा से पता चला है कि चीन लिंक्डइन का तीसरा सबसे बड़ा बाजार है। जुलाई में माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्य नडेला ने कहा था कि लिंक्डइन वार्षिक राजस्व में लगभग 10 अरब डॉलर का योगदान देता है। कंपनी ने साल 2016 में लिंक्डइन का 26.2 अरब डॉलर में अधिग्रहण किया था।

chat bot
आपका साथी