Coronavirus Alert: ईरान से लाए गए 275 भारतीय नागरिकों का एक और जत्था जोधपुर पहुंचा

ईरान से लाए गए 275 भारतीय नगारिक

By Preeti jhaEdited By: Publish:Sun, 29 Mar 2020 01:32 PM (IST) Updated:Sun, 29 Mar 2020 01:32 PM (IST)
Coronavirus Alert: ईरान से लाए गए 275 भारतीय नागरिकों का एक और जत्था जोधपुर पहुंचा
Coronavirus Alert: ईरान से लाए गए 275 भारतीय नागरिकों का एक और जत्था जोधपुर पहुंचा

जोधपुर,एएनआइ। राजस्थान के ईरान से लाए गए 275 भारतीय नागरिकों का एक और जत्था जोधपुर पहुंचा। उन्हें भारतीय सेना के वेलनेस सेंटर में रखा जाएगा। ईरान से इस महीने की शुरुआत में निकाले गए 277 भारतीय पहले से ही इस केंद्र में बंद हैं। 

कोरोना वायरस: ईरान से लाए गए 277 लोगों को जोधपुर के आर्मी वेलनेस फेसिलिटी में 

25 मार्च को कोरोना वायरस प्रभावित ईरान की राजधानी तेहरान से लाए गए थे , 277 लोगों का समूह बुधवार को तड़के दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरा था। इसके बाद सभी 277 लोगों को दिल्ली से  राजस्थान के जोधपुर लाया गया था। जोधपुर हवाई अड्डे पर पहुंचने पर सभी की प्रारंभिक जांच की गई उसके बाद उन्हें जोधपुर स्थित आर्मी वेलनेस फेसिलिटी केंद्र में ले जाया गया था। 

सेना ने जोधपुर के प्रशासनिक और स्वास्थ्य अधिकारियों के समन्वय से पर्याप्त चिकित्सकीय एवं प्रशासनिक प्रबंध किए हैं ताकि ईरान से लाए गए लोगों को यहां रहने में कोई दिक्कत न हो और उन्हें कोरोना से लड़ने के लिए चिकित्सकीय मदद दी जा सके। ईरान से लाए गए 277 लोगों में से 273 तीर्थयात्री हैं। ईरान कोरोना वायरस के घातक संक्रमण से बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

राजस्थान में संक्रमितों की संख्या 54 हो गई है

राजस्थान में कोरोना पॉजिटिव के शनिवार को चार नए मामले सामने आया था । इनमें तीन भीलवाड़ा और एक अजमेर का केस शामिल था। प्रदेश में अब तक कोरोना पॉजिटिव केसों की संख्या 54 हो गई है। अब तक प्रदेश में कुल 3298 सैंपल लिए गए। इनमें से 55 पॉजिटिव और 2989 की नेगेटिव आए हैं। 255 की रिपोर्ट आनी शेष है।

उधर, 21 दिन के लॉक डाउन के बाद पैदल ही अपने घर जा रहे लोगों को राज्य सीमा तक पहुंचाने के लिए रोडवेज की सैनिटाइज की गई बसों का उपयोग करना शुरू हुआ है। प्रदेश में रह रहे अन्य राज्यों के लोगों को उनके गृह प्रदेश की सीमा तक इन बसों से पहुंचाया जाएगा और वहां से यहां के लोगों को लाकर उनके घर तक पहुंचाया जाएगा।

यूपी से प्रदेश में आने वालों को भरतपुर में और गुजरात से आने वालों के लिए रतनपुर बॉर्डर पर बस उपलब्ध कराई गई है। लोगों को स्क्रीनिंग करके बसों में बिठाया जाएगा। इन सभी लोगों के नाम, पते और मोबाइल नंबर लिखे जाएंगे, जिससे इन पर निरंतर निगरानी रखी जा सके। अगर जरूरत हुई तो इन्हें क्वारंटाइन भी किया जाएगा। बसों के संचालन के लिए रोडवेज के एमडी नवीन जैन और जिला कलेक्टरों को अधिकृत किया गया है। लॉकडाउन के बावजूद लोगों के घरों से बाहर निकलने पर सख्ती करने के निर्देश दिए गए हैं।

सीएम अशोक गहलोत ने अधिकारियों से कहा कि यदि जरूरत पड़े तो सेना का फ्लैग मार्च कराया जाए। पुलिस को सख्ती करने के निर्देश दिए गए हैं। जयपुर में शनिवार को कर्फ्यू जारी रहा। यहां रामगंज क्षेत्र में पॉजिटिव केस मिलने और उसके द्वारा करीब 250 लोगों से मुलाकात करने की बात सामने आने के बाद शहर के सात पुलिस थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगाया गया था। यह इलाका जयपुर का पुराना शहर है। यहां पुलिस ने फ्लैग मार्च किया। भीलवाड़ा में शनिवार को आठवें दिन और झुंझुनूं के आधे शहर में नौवें दिन भी कर्फ्य जारी रहा। जयपुर में शुक्रवार को और शनिवार को अजमेर के एक किलोमीटर क्षेत्र में कर्फ्यू लगाया गया है।

chat bot
आपका साथी