Rajasthan Politics: वसुंधरा राजे बोलीं-जिसे जनता पसंद करेगी, वही होगा राजस्थान का अगला मुख्यमंत्री

Rajasthan Politics राजस्थान भाजपा में गुटबाजी और खेमे बाजी से जुड़े सवाल पर वसुंधरा राजे ने कहा कि जिसे जनता चाहेगी वही राज करेगा किसी एक व्यक्ति या जाति विशेष के कारण यहां राज करना संभव नहीं है।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 05:24 PM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 06:42 PM (IST)
Rajasthan Politics: वसुंधरा राजे बोलीं-जिसे जनता पसंद करेगी, वही होगा राजस्थान का अगला मुख्यमंत्री
राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे। फाइल फोटो

जोधपुर, संवाद सूत्र। राजस्थान के जोधपुर में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की माताजी के निधन पर संवेदना व्यक्त करने पहुंचीं पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने सियासी हलचल को गति दे दी है। वसुंधरा राजे का यह मानना है कि भले ही पार्टी में गुटबाजी चल रही हो, लेकिन जो 36 कौम का चहेता होगा, जिसे जनता चाहेगी, वहीं राज करेगा। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने शुक्रवार को जोधपुर में पत्रकारों से मुखातिब होते हुए यह बात कही। पार्टी में खेमे बाजी, गुटबाजी और एक दर्जन से अधिक मुख्यमंत्री पद के दावेदार होने से जुड़े सवाल पर जवाब देते हुए वसुंधरा राजे ने स्पष्ट कहा कि जिससे जनता चाहेगी, वह व्यक्ति ही राज कर पाएगा। एक सवाल के जवाब में कांग्रेस को भी उन्होंने डूबता जहाज करार दिया।

गजेंद्र सिंह शेखावत की माता के निधन पर संवेदना जताई

जोधपुर पहुंचीं वसुंधरा राजे ने जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की माता के निधन पर संवेदना व्यक्त की।इसके बाद वे कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे दिग्गज कांग्रेसी नेता स्वर्गीय परसराम मदेरणा के पुत्र महिपाल मदेरणा के निधन पर उनके गांव लक्ष्मण नगर चाडी पहुंचीं। जहां उन्होंने अपनी संवेदना व्यक्त की। इसके बाद जोधपुर से प्रस्थान करने से पहले मीडिया से बात करते हुए उन्होंने अपनी पुत्रवधू के स्वास्थ्य का जिक्र करते हुए इतने दिनों तक दूर रहने की बात कही। वसुंधरा ने अपनी पुत्रवधू के स्वास्थ्य में हो रहे सुधार का जिक्र भी किया। पार्टी में गुटबाजी और खेमे बाजी से जुड़े सवाल पर बड़े ही धैर्यता के साथ जवाब देते हुए वसुंधरा राजे ने कहा कि जिसे जनता चाहेगी, वही राज करेगा, किसी एक व्यक्ति या जाति विशेष के कारण यहां राज करना संभव नहीं है। सभी लोग जिसे चाहेंगे, वहीं मुखिया होगा। पूर्व मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि तैयार हो जाएं, 2023 और 24 का बिगुल बजाना है। कांग्रेस से जुड़े सवाल पर वसुंधरा राजे ने कहा कि हालांकि यह कांग्रेस की निजी प्राब्लम है, लेकिन इतना जरूर है कि यह डूबता जहाज है। अपने एक दिन के दौरे पर जोधपुर पहुंचीं वसुंधरा राजे की एक झलक पाने के लिए उनके समर्थक बड़ी संख्या में उनसे जुड़े सभी कार्यक्रमों में मौजूद रहे। वसुंधरा ने भी बड़े आत्मीय भाव से सबसे मुलाकात की। हमेशा मीडिया से दूरी बनाकर चलने वाली वसुंधरा ने पत्रकारों को रिझाने के लिए भी इस बार उनको समय दिया और पत्रकारों के साथ सेल्फी भी खिंचवाई।

chat bot
आपका साथी