केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने चंद घंटों में ऑक्सीजन प्लांट के लिए जुटाए 1.5 करोड़ रुपए

महात्मा गांधी अस्पताल को सीएसआर के तहत रुपए किए ट्रांसफर। इस केयर सेंटर पर 200 बेड की व्यवस्था की गई है जहां सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है। डॉ. बोहरा ने केंद्रीय मंत्री से अस्पताल में ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट लगवाने का अनुरोध किया था।

By Vijay KumarEdited By: Publish:Tue, 27 Apr 2021 09:37 PM (IST) Updated:Tue, 27 Apr 2021 09:37 PM (IST)
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने चंद घंटों में ऑक्सीजन प्लांट के लिए जुटाए 1.5 करोड़ रुपए
राशि उपलब्ध कराने के लिए केंद्रीय मंत्री शेखावत ने एप्लायड कम्युनिकेशन प्रा. लि. के प्रति आभार भी जताया।

 रंजन दवे, जोधपुर। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने चंद घंटों में महात्मा गांधी अस्पताल में ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट स्थापित कराने के लिए 1.5 करोड़ रुपए की राशि जुटाई है। सी.एस.आर के माध्यम से यह राशि अस्पताल के खाते में ट्रांसफर भी हो गई है। कोरोना महामारी से जूझ रही सूर्यनगरी की  सहायता में जुटे शेखावत ने 23 अप्रैल को अपनी सांसद निधि से 50 लाख रुपए दिए थे। 24 अप्रैल को उन्होंने एम.बी.एम इंजीनियरिंग कॉलेज में 500 बेड का अस्थाई अस्पताल बनाने का प्रस्ताव जिला प्रशासन को दिया। सोमवार को केंद्रीय मंत्री महात्मा गांधी अस्पताल (कोविड डेडीकेटेड सेंटर) पहुंचे थे और अधीक्षक डॉ. राजश्री बोहरा से मिले थे। जहाँ डॉ. बोहरा ने केंद्रीय मंत्री से अस्पताल में ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट लगवाने का अनुरोध किया था। 

एप्लायड कम्युनिकेशन प्रा. लि. के प्रति आभार 

महात्मा गांधी अस्पताल से लौटते ही केंद्रीय मंत्री शेखावत ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट के लिए धन जुटाने की मुहिम में जुट गए। रात होते-होते उन्होंने सी.एस.आर के माध्यम से अस्पताल में ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट और अन्य उपकरणों के लिए 1.5 करोड़ रुपए की व्यवस्था करा दी। सी.एस.आर से यह राशि उपलब्ध कराने के लिए केंद्रीय मंत्री शेखावत ने एप्लायड कम्युनिकेशन प्रा. लि. के प्रति आभार भी जताया। 

सुविधाओं के विस्तार से आमजन को सहयोग 

उन्होंने कहा कि शहर के अस्पतालों में सुविधाओं के विस्तार से आमजन को सहयोग मिलेगा। केंद्रीय मंत्री शेखावत ने बताया कि मंगलवार सुबह महात्मा गांधी अस्पताल के ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट के लिए यह राशि ट्रांसफर भी कर दी गई। प्रशासनिक औपचारिकता पूर्ण कर अतिशीघ्र इस प्लांट को स्थापित कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस राशि से ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट के अलावा 2 वेंटिलेटर, 5 मॉनिटर और अन्य आवश्यक उपकरण भी लिए जाएंगे। इस प्लांट के लगने से अस्पताल की ऑक्सीजन की दैनिक आवश्यकता पूरी होगी। 

कोविड केयर सेंटर का किया निरीक्षण

मंगलवार को शेखावत ने बोरानाडा में कुशल एजुकेशन ट्रस्ट चिकित्सा भवन में बनाए गए कोविड केयर सेंटर का दौराकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। केंद्रीय मंत्री यहां भर्ती मरीजों से मिले और हालचाल जाना। उन्होंने भर्ती मरीजों से उनकी समस्याएं जानीं और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि जरूरी है कि मरीजों को दवाओं के साथ-साथ मानसिक प्रोत्साहन भी मिलता रहे। 

सभी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई 

मरीजों के साथ मौजूद परिजनों ने केयर सेंटर में व्यवस्थाओं पर संतोष जताया। शेखावत ने जिला कलेक्टर इंद्रजीत सिंह से जोधपुर में कोरोना संक्रमित मरीजों की स्थिति और तीनों अस्पतालों के संबंध में भी फीडबैक लिया। शेखावत ने कहा कि इस केयर सेंटर पर 200 बेड की व्यवस्था की गई है, जहां सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है। 

chat bot
आपका साथी