Rajasthan: प्रसूता के परिजनों का आरोप उन्हें लड़के की जगह लड़की थमाई

परिजनों का आरोप है कि जिस दिन उनके परिवार की महिला के प्रसव हुआ उस दिन तीन अन्य महिलाओं ने भी बच्चों को जन्म दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल के नर्सिंग कर्मियों ने बच्चों की अदला-बदली की।

By Priti JhaEdited By: Publish:Thu, 15 Jul 2021 01:54 PM (IST) Updated:Thu, 15 Jul 2021 01:56 PM (IST)
Rajasthan: प्रसूता के परिजनों का आरोप उन्हें लड़के की जगह लड़की थमाई
प्रसूता के परिजनों का आरोप उन्हें लड़के की जगह लड़की थमाई

जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान के बीकानेर स्थित पीबीएम सरकारी अस्पताल में कथित रूप से बच्चा बदलने को लेकर बृहस्पतिवार को हंगामा हुआ। बच्चा बदले जाने की शिकायत करने वालों का कहना है कि उनके परिवार की महिला के लड़का होना बताया गया था, लेकिन बाद में लड़की थमा दी गई। परिजनों का आरोप है कि जिस दिन उनके परिवार की महिला के प्रसव हुआ उस दिन तीन अन्य महिलाओं ने भी बच्चों को जन्म दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल के नर्सिंग कर्मियों ने बच्चों की अदला-बदली की।

उन्होंने बच्चों का डीएनए टेस्ट करवाने की मांग की है। अस्पताल प्रशासन ने इस तरह की घटना होने से इंकार करते हुए कहा कि मामले की जांच करवाई जा रही है। जानकारी के अनुसार बीकानेर के छत्तरगढ़ निवासी राहुल शर्मा की पत्नी पूनम को प्रसव पीड़ा होने पर सोमवार को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। हालात सामान्य नहीं होने पर चिकित्सकों ने बुधवार को ऑपरेशन से प्रसव करवाने की बात कही।

पूनम के परिजनों ने इस पर सहमति जताई। रात 12 बजे बाद ऑपरेशन किया गया। कुछ देर बाद बाहर आए एक नर्सिंगकर्मी ने लड़का होना बताया। लेकिन बृहस्पतिवार सुबह उन्हे लड़की थमा दी गई। इस पर पूनम के परिजनों ने हंगामा किया। हालांकि बाद में चिकित्सकों के समझाने के बाद वह शांत हो गए। अस्पताल के अधीक्षक परमेंद्र सिरोही ने बताया कि इस तरह की शिकायत मिली है, जिसकी जांच करवाई जा रही है। 

chat bot
आपका साथी