Rajasthan: उदयपुर में किशोरी ने रुकवाई अपनी शादी

Rajasthan एक किशोरी की हिम्मत के चलते उसकी शादी टल गई। किशोरी की सूचना पर बाल आयोग की अध्यक्षा की दखल के बाद उसकी शादी टल गई। अब किशोरी के साहस की चहुंओर प्रशंसा की जा रही है।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Sun, 21 Nov 2021 07:44 PM (IST) Updated:Sun, 21 Nov 2021 07:44 PM (IST)
Rajasthan: उदयपुर में किशोरी ने रुकवाई अपनी शादी
उदयपुर में किशोरी ने रुकवाई अपनी शादी। फाइल फोटो

उदयपुर, संवाद सूत्र। राजस्थान में उदयपुर जिले के कुराबड़ क्षेत्र की 14 साल की एक किशोरी की हिम्मत के चलते उसकी शादी टल गई। किशोरी की सूचना पर बाल आयोग की अध्यक्षा की दखल के बाद उसकी शादी टल गई। अब किशोरी के साहस की चहुंओर प्रशंसा की जा रही है। कुराबड़ क्षेत्र के भूतिया गांव की 14 साल की किशोरी की रविवार शाम को शादी होनी थी। सातवीं तक पढ़ी इस किशोरी ने बाल आयोग की अध्यक्षा संगीता बेनीवाल के नंबर तलाशे और उन्हें वाट्सएप के जरिए शादी रुकवाने की अपील की। किशोरी ने लिखा कि उसकी कोरोना महामारी के चलते पढ़ाई छूट गई और परिजन रविवार शाम उसकी शादी करने जा रहे हैं। जबकि वह महज 14 साल की है।

उसने बताया था कि उसके घर के बाहर टेंट लगा है और परिवार के लोग आज ही शादी कराने की बात कर रहे हैं। किशोरी ने बताया कि परिजन उसे घर से निकलने नहीं दे रहे। पुलिस को भी गुमराह करने के लिए उसे दूसरे मकान में शिफ्ट कर दिया गया। वह अभी पढ़ना चाहती है। उसने अपनी शादी के कार्ड की फोटो बाल आयोग की अध्यक्षा को पोस्ट की थी। किशोरी की सूचना पर बाल आयोग की अध्यक्ष संगीता बेनीवाल ने उदयपुर के जिला कलक्टर चेतन देवड़ा से संपर्क किया था। जिसके बाद जिला कलक्टर देवड़ा ने उपखंड अधिकारी तथा कुराबड़ थानाधिकारी से तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

कुराबड़ थानाधिकारी अमित कुमार पुलिस टीम के साथ किशोरी के घर पहुंचे तथा उसके परिजनों से संपर्क कर उन्हें पाबंद किया। कुराबड़ तहसीलदार भी मौके पर आए तथा उन्होंने किशोरी के बयान दर्ज किए और किशोरी को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के समक्ष पेश किया। किशोरी ने वहां बताया कि परिजनों के भय के वजह से वह फिलहाल घर नहीं जाना चाहती। किशोरी को फिलहाल वेलफेयर कमेटी के यहां ही रखा गया है। इधर, बाल आयोग की अध्यक्षा संगीता बेनीवाल का कहना है कि वह नाबालिग से लगातार चैट करती रहीं। वह अपने घर में हो रहे डेवलपमेंट के बारे में बताती रही। जिसके चलते समय से प्रशासन और पुलिस की टीम वहां पहुंची तथा शादी रोकी जा सकी। उन्होंने बताया कि किशोरी ने साहसिक कदम उठाया है, लेकिन वह काफी डरी हुई थी।  

chat bot
आपका साथी