Satish Poonia Birthday: जन्मदिन के बहाने सतीश पूनिया का शक्ति प्रदर्शन

Satish Poonia Birthday सतीश पूनिया ने अपने जन्मदिन पर कहा कि पार्टी को एकजुटता के साथ दो साल बाद होने वाले विधानसभा चुनाव में सत्ता में लाना और दो विधानसभा सीटों धरियावद व वल्लभनगर में 30 अक्टूबर को हो रहे उपचुनाव में जीत दर्ज कराना लक्ष्य है।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Sun, 24 Oct 2021 07:04 PM (IST) Updated:Sun, 24 Oct 2021 07:04 PM (IST)
Satish Poonia Birthday: जन्मदिन के बहाने सतीश पूनिया का शक्ति प्रदर्शन
राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया। फाइल फोटो

जयपुर, जागरण संवाददाता। राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया के 56वें जन्मदिन पर रविवार को उनके समर्थकों ने शक्ति प्रदर्शन किया। पूनिया समर्थक पिछले कई दिनों से उनके जन्मदिन पर बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने की तैयारी में जुटे थे। विधायकों और पार्टी नेताओं को संदेश भेजकर जयपुर बुलाया गया था। बड़ी संख्या में विभिन्न जिलों से विधायक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूनिया को बधाई देने उनके जयपुर में रानी सती नगर स्थित आवास पर पहुंचे। पूनिया समर्थकों का दावा है कि अब से पहले किसी नेता के जन्मदिन पर इतनी बड़ी संख्या में पार्टी के लोग बधाई देने नहीं पहुंचे। खुद पूनिया ने कहा कि तैयारी तो दो से पांच हजार लोगों के आने के लिहाज से की गई थी, लेकिन करीब 50 हजार से ज्यादा लोग उन्हें जन्मदिन की बधाई देने पहुंचे।

राजस्थान विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत दर्ज कराना है लक्ष्य

सतीश पूनिया ने अपने जन्मदिन सभी को धन्यवाद देते हुए कहा कि पार्टी को एकजुटता के साथ दो साल बाद होने वाले विधानसभा चुनाव में सत्ता में लाना और दो विधानसभा सीटों धरियावद व वल्लभनगर में 30 अक्टूबर को हो रहे उपचुनाव में जीत दर्ज कराना लक्ष्य है। शहर में लगे होर्डिंग्स पर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का फोटो भी लगा हुआ था। जबकि कुछ समय पहले तक पार्टी की राज्य इकाई के कार्यक्रमों में लगने वाले होर्डिंग्स और पोस्टरों में वसुंधरा का फोटो नहीं लगता था, लेकिन रविवार को पूनिया के जन्मदिन पर भाजपा मुख्यालय सहित जयपुर के विभिन्न इलाकों में लगे होर्डिंग्स पर वसुंधरा का फोटो लगाया गया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा,राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सहित कई नेताओं ने पूनिया को जन्मदिन की बधाई दी।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पुनिया ने गत दिनों कहा था कि ओसिया में भाजपा ने विपरीत परिस्थितियों में कमल का फूल खिलाया। यह चुनाव परिणाम आगामी 2023 के विधानसभा चुनाव का ट्रेलर है। कांग्रेस के कुशासन के खिलाफ 36 कौम के लोग तय करेंगे 2023 में कांग्रेस की विदाई। मोदी सरकार आने के बाद देश के गरीब तबके के आदमी को संबल मिला। उन्होंने प्रधानमंत्री के द्वारा जनता की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। साथ ही, राहुल गांधी पर भी किसानों के साथ कर्जा माफी के वादाखिलाफी पर तंज कसा। मुख्य अतिथि केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने राजस्थान की सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कभी बीमारी तो कभी रिकवरी को लेकर कमरे में बैठे हैं। ऐसे में राजस्थान में सभी तरह के विकास कार्य ठप पड़े हैं।

chat bot
आपका साथी