Rajasthan: विधायकों की कथित खरीद-फरोख्त मामले में संजय जैन ने आवाज के नमूने देने से इनकार किया

Rajasthan सचिन पायलट खेमे की बगावत के दौरान कथित रूप से विधायकों की खरीद और फरोख्त से जुड़े ऑडियो टेप मामले में जयपुर अतिरिक्त मुख्य महानगर मजिस्ट्रेट की कोर्ट में आरोपित संजय जैन ने आवाज के नमूने देने से इनकार कर दिया है।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Wed, 28 Jul 2021 06:44 PM (IST) Updated:Wed, 28 Jul 2021 06:44 PM (IST)
Rajasthan: विधायकों की कथित खरीद-फरोख्त मामले में संजय जैन ने आवाज के नमूने देने से इनकार किया
विधायकों की कथित खरीद-फरोख्त मामले में संजय जैन ने आवाज के नमूने देने से इनकार किया। फाइल फोटो

जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान में पिछले साल पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट खेमे की बगावत के दौरान कथित रूप से विधायकों की खरीद और फरोख्त से जुड़े ऑडियो टेप मामले में जयपुर अतिरिक्त मुख्य महानगर मजिस्ट्रेट की कोर्ट में आरोपित संजय जैन ने आवाज के नमूने देने से इनकार कर दिया है। संजय जैन के वकील ने कहा कि उनको राजनीतिक कारणों से फंसाया जा रहा है। ऐसी आशंका है कि जांच एजेंसी राज्य भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) आवाज के नमूनों का दुरुपयोग कर सकती है। इस पर मजिस्ट्रेट ने कहा कि संजय जैन का इनकार केस के ट्रायल के दौरान उनके खिलाफ जा सकता है।

जानें, क्या है मामला

पिछले साल जुलाई माह में पायलट खेमे की बगावत के समय तीन ऑडियो वायरल हुए थे। उस समय सरकारी मुख्य सचेतक महेश जोशी और अन्य कांग्रेस नेताओं का आरोप था कि ऑडियो में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और पायलट खेमे के विधायक भंवरलाल शर्मा की आवाज है। दोनों अशोक गहलोत सरकार गिराने को लेकर बात कर रहे हैं। इस बातचीत में मध्यस्थ के रूप में जैन का नाम भी सामने आया था। ऑडियो क्लिप के आधार पर पहले जोशी ने एसीबी और एसओजी में शिकायत दर्ज करवाई थी। एसीबी ने जैन और शेखावत की आवाज के नमूनों की जरूरत बताई थी। उधर, राजस्थान सरकार पर फोन टैपिंग का आरोप लगाते हुए शेखावत ने दिल्ली पुलिस में मामला दर्ज करवाया था। दिल्ली की क्राइम ब्रांच मामले की जांच कर रही है। क्राइम ब्रांच ने जोशी और सीएम के ओएसडी लोकेश शर्मा को पूछताछ के लिए बुलाया है, लेकिन दोनों ने अलग-अलग कारण बताते हुए दिल्ली जाने से इनकार कर दिया। 

गौरतलब है कि राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार को अस्थिर करने और विधायकों की खरीद-फरोख्त मामले में गिरफ्तार किए गए संजय जैन के भाजपा नेताओं के साथ निकट संबंध होने की बात सामने आई है। एसओजी की जांच में सामने आया कि प्रदेश में वसुंधरा राजे सरकार के दौरान तत्कालीन भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी के संजय जैन से काफी निकटतम रिश्ते थे। परनामी के बेटे उदय परनामी के साथ मिलकर संजय जैन ने साल 2016 में कुबेर प्राइम इंफ्रास्ट्रक्चर नाम से एक कंपनी बनाई थी। पाटर्नशिप में दोनों ने व्यापार किया। हालांकि करीब दो साल पहले उदय परनामी इस कंपनी से अलग हो गया।

chat bot
आपका साथी