राजस्थान के मंत्री बोले, बाढ़ से बढ़ गए पेट्रोल के दाम

राजस्थान सरकार के मंत्री राजकुमार रिणवा ने कहा कि वर्ल्ड मार्केट में क्रूड के दाम के हिसाब से सब चलता है, सरकार अपने स्‍तर पर कोशिश कर रही है।

By Sachin MishraEdited By: Publish:Mon, 10 Sep 2018 05:51 PM (IST) Updated:Mon, 10 Sep 2018 07:02 PM (IST)
राजस्थान के मंत्री बोले, बाढ़ से बढ़ गए पेट्रोल के दाम
राजस्थान के मंत्री बोले, बाढ़ से बढ़ गए पेट्रोल के दाम

जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान सरकार में देवस्थान मंत्री राजकुमार रिणवा ने पेट्रोल-डीजल के दामों में वृद्धि के लिए बाढ़ को जिम्मेदार बताया है। रिणवा का कहना है कि देश में कई जगह बाढ़ आई हुई है, जिसके चलते पेट्रोल-डीजल की खपत ज्यादा हो रही है। उनके मुताबिक जनता को समझना चाहिए और पेट्रोल के बढ़ते दामों से निपटने के लिए खर्चे कम कर देने चाहिए। लोगों को पेट्रोल-डीजल का उपयोग कम करना चाहिए।

सीकर में मीडियाकर्मियों से बातचीत में रिणवा ने कहा कि वर्ल्ड मार्केट में क्रूड के दाम के हिसाब से सब चलता है, सरकार अपने स्‍तर पर कोशिश कर रही है। इतने खर्चे हैं, चारों तरफ बाढ़ आई हुई है, जिससे खपत भी ज्यादा हो रही है। जनता समझती नहीं है कि क्रूड के दाम बढ़ गए हैं तो कुछ खर्चे कम कर दे।

उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने रविवार रात ही पेट्रोल और डीजल पर 4 प्रतिशत वैट घटाया है। पेट्रोल पर वैट 30 से घटाकर 26 प्रतिशत एवं डीजल पर 22 से 18 प्रतिशत किया गया है।

उधर, कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता अर्चना शर्मा ने मंत्री के बयान को मजाक बताते हुए कहा कि वे लोगों की समस्याओं का मजाक बनाने में जुटे हैं। 

chat bot
आपका साथी