राजस्थान सड़क हादसे में एक ही परिवार के आठ लोगों की मौत, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने किया दुख व्यक्त

राजस्थान के टोंक जिले में सड़क हादसे में एक ही परिवार के आठ लोगों की मौत हो गई है। चार लोग जख्मी भी हो गए है। देर रात तेज रफ्तार से आ रहे ट्रेलर और जीप के बीच टक्कर हुई जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई है।

By PRITI JHAEdited By: Publish:Wed, 27 Jan 2021 10:30 AM (IST) Updated:Wed, 27 Jan 2021 03:42 PM (IST)
राजस्थान सड़क हादसे में एक ही परिवार के आठ लोगों की मौत, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने किया दुख व्यक्त
सड़क हादसे में मध्यप्रदेश के एक ही परिवार के 8 सदस्यों की मौत, तीन साल की बच्ची सुरक्षित बची

जयपुर, जागरण संवाददाताराजस्थान के टोंक जिले में सड़क हादसे में एक ही परिवार के आठ लोगों की मौत हो गई है। चार लोग जख्मी भी हो गए है। जानकारी के अनुसार देर रात तेज रफ्तार से आ रहे ट्रेलर और जीप के बीच टक्कर हुई है, जिसमें एक ही परिवार के आठ लोगों की मौत हो गई है। वे सब मध्यप्रदेश के रहने वाले थे। इस सड़क हादसे में चार लोग जख्मी भी हो गए है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने टोंक जिले में हुई सड़क दुर्घटना में खाटूश्याम जी से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। 

गहलोत ने दुर्घटना में घायल हुए श्रद्धालुओं के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने हादसे में दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को यह आघात सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

 

जानकारी के अनुसार राजस्थान में टोंक जिले के सदर पुलिस थाना इलाके में हुए सड़क हादसे में मध्यप्रदेश के एक ही परिवार के 8 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 3 लोग घायल हो गए। इस हादसे में तीन साल की एक बच्ची सुरक्षित बच गई। हादसा मंगलवार देर रात तेज रफ्तार ट्रेलर और कार की टक्कर के कारण हुआ। मृतकों में चार पुरूष, दो महिलाएं व दो बच्चे शामिल है। मृतक प्रदेश से खाटूश्याम जी मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। यह हादसा नेशनल हाईवे संख्या 52 पर पक्का बांध इलाके में हुआ। ट्रेलर की टक्कर के बाद कार पुलिया की दीवार से टकराकर बुरी तरह पिचक गई। इस कारण कार में सवार लोग उसी में फंस गए। हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई,वहीं दो लोगों की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई।

सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने जीप में सवार सभी को बाहर निकाला। मृतकों के शवों को टोंक के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया, वहीं घायलों को उपचार के लिए भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार सभी मृतक एक ही परिवार के थे। इसमें दो चचेरे भाई 25 दिन पैदल चलकर खाटूश्याम जी मंदिर पहुंचे थे। इनका परिवार इन्हे लेने खाटूश्याम जी जा रहा था। मृतकों में दो सगे भाई श्याम सोनी व रामबाबू सोनी शामिल है। रामबाबू के बेटे नयन व श्याम सोनी के बेटे ललित की भी हादसे में मौत हो गई। अन्य मृतकों में ममता, बबली,अक्षत व अक्षिता शामिल है। हादसे में सरिता घायल हो गई, जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है सरिता की तीन साल की बेटी नन्नू सुरक्षित बच गई। पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश के मुताबिक सभी मृतक मध्यप्रदेश में राजगढ़ जिले के जीरापुर गांव के निवासी थे। ये सभी बोलेरो गाड़ी में सवार थे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर घटना पर दुख:जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य की कामना की है।

जानकारी के अनुसार सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला गया। अस्पताल पहुंचने के बाद कुछ लोगों की मौत हो गई। डीजीपी टोंक का कहना है कि घायलों को जयपुर रैफर किया गया है। दोनों वाहनों के ड्राइवर फरार हैं।

chat bot
आपका साथी