Rajasthan: कांग्रेस ने आरएसएस के क्षेत्रीय प्रचारक को गिरफ्तार करने का प्रस्ताव पारित किया, भाजपा ने किया पलटवार

Rajasthan राष्ट्रीय महासचिव अजय माकन की मौजूदगी में प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों ने एक प्रस्ताव पारित कर निंबाराम को गिरफ्तार करने की मांग की। शुक्रवार को विधायक रामलाल जाट ने यह प्रस्ताव रखा जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Fri, 30 Jul 2021 09:04 PM (IST) Updated:Fri, 30 Jul 2021 09:04 PM (IST)
Rajasthan: कांग्रेस ने आरएसएस के क्षेत्रीय प्रचारक को गिरफ्तार करने का प्रस्ताव पारित किया, भाजपा ने किया पलटवार
कांग्रेस ने आरएसएस के क्षेत्रीय प्रचारक को गिरफ्तार करने का प्रस्ताव पारित किया, भाजपा ने किया पलटवार। फाइल फोटो

जागरण संवाददाता, जयपुर। जयपुर नगर निगम (ग्रेटर) में सफाई का काम करने वाली बीवीजी कंपनी से जुड़े रिश्वत कांड में राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की जांच का सामना कर रहे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के क्षेत्रीय प्रचारक निंबाराम के खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया। शुक्रवार को राष्ट्रीय महासचिव अजय माकन की मौजूदगी में प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों ने एक प्रस्ताव पारित कर निंबाराम को गिरफ्तार करने की मांग की। शुक्रवार को विधायक रामलाल जाट ने यह प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के दो रिश्तेदारों का राज्य प्रशासनिक सेवा में चयन होने को लेकर उठ रहे सवालों पर पार्टी ने उनका बचाव करते हुए भाजपा के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया। पार्टी नेताओं ने कहा कि रिश्तेदारों के चयन में डोटासरा का कोई सरोकार नहीं है।

उधर, कांग्रेस द्वारा प्रस्ताव पारित किए जाने पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया और विधानसभा में विपक्ष के नेता गुलाब चंद कटारिया ने बयान जारी कर कहा कि कांग्रेस के नेता असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह की बात कर रहे हैं। कटारिया ने कहा,मामले की जांच एसीबी कर रही है। कोई भी दोषी होगा तो उस पर कार्रवाई का अधिकार कांग्रेस को नहीं जांच एजेंसी को है। कांग्रेस को एसीबी के काम में दखल करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार का दुरुपयोग हुआ तो भाजपा सड़क पर उतरेगी। उल्लेखनीय है कि बीवीजी कंपनी के 276 करोड़ के बिल का भुगतान करने के बदले निलंबित महापौर सौम्या गुर्जर के पति राजाराम ने 20 करोड़ की रिश्वत मांगी थी । कंपनी के दो प्रतिनिधियों के साथ राजाराम की बैठक हुई, जिसका एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ था। जिसमें निंबाराम भी दिखाई दे रहे थे। वीडियो में रिश्वत को लेकर बातचीत हो रही थी। एसीबी ने मामला दर्ज कर कंपनी के एक प्रतिनिधि और राजाराम को गिरफ्तार कर लिया है।

सीएम बोले, पुरानी बातें भूलो और माफ करो

अजय माकन ने दो दिन विधायकों से वन टू वन संवाद किया और शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बृहस्पतिवार को विधायकों को रात्रि भोज दिया और शुक्रवार को पदाधिकारियों को लंच दिया। इस मौके पर गहलोत ने कहा कि पुरानी बातें भूलो और माफ करो। मैं पहले भी आपका अभिभावक था और आगे भी रहूंगा। माकन ने प्रदेश कांग्रेस के एक साल के कामकाज की बुकलेट जारी किया। सीएम ने इसको सराहा। 

chat bot
आपका साथी