Rajasthan ByElection: वल्लभनगर और धरियावद में सीएम अशोक गहलोत करेंगे चार सभाएं

Rajasthan ByElection राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अगले दो दिन यानी मंगलवार और बुधवार को वल्लभनगर और धरियावद विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए चार सभाएं करेंगे। इसके लिए कांग्रेस नेता चुनाव प्रचार स्थलों का जायजा लेने में लगे रहे।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Mon, 25 Oct 2021 09:14 PM (IST) Updated:Mon, 25 Oct 2021 09:14 PM (IST)
Rajasthan ByElection: वल्लभनगर और धरियावद में सीएम अशोक गहलोत करेंगे चार सभाएं
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत। फाइल फोटो

उदयपुर, संवाद सूत्र। राजस्थान में वल्लभनगर और धरियावद विधानसभा के लिए होने जा रहे उपचुनाव के लिए अगले 48 घंटे बेहद महत्वपूर्ण हैं। इसके बाद चुनाव प्रचार थम जाएगा। भाजपा के प्रदेश प्रभारी सतीश पूनिया सोमवार सुबह से ही चुनाव प्रचार में जुट गए हैं, जबकि प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अगले दो दिन यानी मंगलवार और बुधवार को दोनों विधानसभा क्षेत्र में चार सभाएं करेंगे। इसके लिए कांग्रेस नेता चुनाव प्रचार स्थलों का जायजा लेने में लगे रहे। राजस्थान की दोनों विधानसभा सीटों पर आगामी तीस अक्टूबर को विधानसभा के लिए उपचुनाव होने हैं। इसके लिए 27 अक्टूबर की शाम छह बजे चुनाव प्रचार थम जाएगा। इससे पहले भाजपा, कांग्रेस सहित अन्य पार्टी के नेता भी अगले दो दिन उदयपुर संभाग में बने रहेंगे।

यहां होंगी सीएम की सभाएं

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की इस दौरान चार सभाएं होंगी। इन में तीन सभाएं धरियावद विधानसभा क्षेत्र में होनी है। धरियावद के लसाड़िया, झल्लारा और मूंगाणा में गहलोत की सभा की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। जबकि वल्लभनगर में कुराबड़ में सभी की तैयारियां को लेकर सोमवार को कांग्रेस नेता जुटे रहे। गहलोत के साथ कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना के अलावा प्रभारी मंत्री सहित कांग्रेस के कई नेता मौजूद रहेंगे। आरएलपी के हनुमान बेनीवाल भी मंगलवार को वल्लभनगर के चारगदीया में सभा करेंगे।

कांग्रेस से हार्दिक पटेल व भाजपा से किरोडीलाल मीणा चुनाव प्रचार में

सोमवार को भाजपा के राज्यसभा सांसद डा. किरोडीलाल मीणा धरियावद क्षेत्र में चुनाव प्रचार में जुटे रहे। धरियावद जनजाति के लिए आरक्षित सीट है और इसीलिए भाजपा ने किरोडीलाल मीणा को यहां प्रचार का दायित्व सौंपा था। जबकि कांग्रेस से हार्दिक पटेल भी सोमवार को चुनाव प्रचार में जुटे रहे। उनकी कोशिश पटेल तथा डांगी मतदाताओं को कांग्रेस से जोड़ने की है।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और स्मृति ईरानी के आने की संभावना

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और स्मृति ईरानी के भी वल्लभनगर में 27 अक्टूबर को सभा करने की संभावना है। स्थानीय भाजपा नेता उनकी सभा कराने के लिए उनसे संपर्क में जुटे हुए हैं। इधर, नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया भी चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं।  

chat bot
आपका साथी