Rajasthan By Election: चुनावी सभा से पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पहुंचे दिवंगत विधायक के घर

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मंगलवार को धरियावद और वल्लभनगर विधानसभा के होने जा रहे उप चुनाव को लेकर चुनाव प्रचार के लिए मंगलवार को मेवाड़ के दौरे पर आए। उनकी पहली सभा धरियावद विधानसभा क्षेत्र के लसाड़िया में थी

By Vijay KumarEdited By: Publish:Tue, 26 Oct 2021 06:11 PM (IST) Updated:Tue, 26 Oct 2021 06:11 PM (IST)
Rajasthan By Election: चुनावी सभा से पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पहुंचे दिवंगत विधायक के घर
जनसभा को संबोधित करने से पहले भाजपा के दिवंगत विधायक गौतमलाल मीणा के घर पहुंचे अशोक गहलोत

उदयपुर, संवाद सूत्र। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मंगलवार को धरियावद और वल्लभनगर विधानसभा के होने जा रहे उप चुनाव को लेकर चुनाव प्रचार के लिए मंगलवार को मेवाड़ के दौरे पर आए। उनकी पहली सभा धरियावद विधानसभा क्षेत्र के लसाड़िया में थी लेकिन वह सीधे चुनावी सभा में जाने से पहले भाजपा के दिवंगत विधायक गौतम लाल मीणा के घर पहुंचे तथा उनके बेटे कन्हैयालाल मीणा तथा अन्य परिजनों से मुलाकात कर संवेदना प्रगट की। मुख्यमंत्री गहलोत लगभग पंद्रह मिनट कन्हैयालाल मीणा के घर पर रहे तथा उनसे बातचीत की। उसके बाद वह चुनाव प्रचार के लिए निकले।

लसाड़िया में आयोजित पहली जनसभा में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा नेताओं पर तंज कसा कि उन्हें यहां आकर पता चला कि भाजपा नेता इस बात को लेकर तनाव और तकलीफ में आ गए कि वह दिवंगत भाजपा विधायक के घर संवेदना जताने क्यों गए। उन्होंने कहा कि यह संस्कार सदियों में है कि किसी भी साथी सदस्य की मृत्यु हो जाए तो उसके परिजनों को संवेदना जताने अवश्य जाना चाहिए। इसमें यह नहीं देखना चाहिए कि वह हमारे विरोधी विचारधारा के या दल के हो। यहां पहला धर्म मानवता का है।

उन्होंने भाजपा को तंज कसा कि यदि इनको अपने दिवंगत विधायक गौतम भाई के प्रति चिंता थी तो उनके बेटे को टिकट क्यों काटा? परिवारवाद का बहाना बनाकर उसका टिकट काट दिया जबकि पहले हुए उप चुनाव में परिवार के सदस्यों को ही टिकट दिया। गहलोत ने कहा कि यदि भाजपा कन्हैयालाल को भी टिकट देती तो चुनाव प्रचार से पहले वह सीधे उसी के घर आते। गहलोत ने कहा कि भाजपा को लगता है कि उनके कन्हैया के घर जाने से वोट उनके पक्ष में आ जाएंगे। ऐसा नहीं है। आज का मतदाता अंतर्मन के साथ वोट देता है। उसे लगता है कि वोट कांग्रेस को देना चाहिए तो वह कांग्रेस को ही देगा।

गहलोत ने कहा कि भाजपा को तकलीफ जताने की बजाय इसका स्वागत करना चाहिए कि मुख्यमंत्री ने यह अच्छा कदम उठाया। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री के दिवंगत भाजपा विधायक गौतमलाल मीणा के घर जाने की टाइमिंग पर राजस्थान विधानसभा में प्रतिपक्ष के उप नेता राजेंद्र राठौड़ ने तंज कसा था।

chat bot
आपका साथी