Transfers: रात दो बजे निकाली राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार ने आईएएस अफसरों की तबादला सूची

सीएम अशोक गहलोत पिछले तीन-चार दिन से प्रशासनिक फेरबदल को लेकर अपने विश्वस्तों के साथ चर्चा कर रहे थे। अब आगामी दिनों में पुलिस एवं राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की तबादला सूची जारी होने की उम्मीद है।

By Priti JhaEdited By: Publish:Thu, 08 Apr 2021 12:21 PM (IST) Updated:Thu, 08 Apr 2021 12:21 PM (IST)
Transfers: रात दो बजे निकाली राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार ने आईएएस अफसरों की तबादला सूची
गहलोत सरकार ने आईएएस अफसरों की तबादला किए

जयपुर, जागरण संवाददाता। राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार में बुधवार रात दो बजे प्रशासनिक फेरबदल हुआ। फेरबदल में 67 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए गए। इस फेरबदल में परंपरा टूटी और मुख्य सचिव निरंजन आर्य से वरिष्ठ अधिकारी सुबोध अग्रवाल को शासन सचिवालय में अतिरिक्त मुख्य सचिव के पद पर तैनात किया गया। अब तक यह परंपरा रही है कि मुख्य सचिव से वरिष्ठ अधिकारियों को शासन सचिवालय के बाहर विभिन्न बोर्ड एवं निगम में लगाया जाता है। लेकिन गहलोत सरकार ने इस परंपरा को तोड़ दिया।

अग्रवाल को पांच माह में दूसरी बार खान एवं पेट्रोलियम विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव के पद पर लगाया गया है। मौजूदा मुख्य सचिव आर्य 1989 बैच के अधिकारी हैं, वहीं अग्रवाल 1988 बैच के हैं। वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों की कमी से जूझ रही गहलोत सरकार ने तीन विधानसभा सीटों पर हो रहे उप चुनाव के बीच प्रशासनिक फेरबदल किया है। अधिकांश वरिष्ठ अधिकारी केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर दिल्ली चले गए। फेरबदल में 8 कलेक्टर व 2 संभागीय आयुक्त बदले गए। सरकार के निकट माने जाने वाले वरिष्ठ अधिकारी अजिताभ शर्मा का ढ़ाई साल में चौथी बार तबादला किया गया है। अब उन्हे केवल 5 माह में खान विभाग से हटाकर जयपुर मेट्रो का सीएमडी बनाया गया है। बार-बार तबादला होने के कारण शर्मा ने पिछले दिनों केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर जाने के लिए आवेदन किया है।

तबादला सूची में मुख्य रूप से स्वायत्त शासन विभाग के प्रमुख सचिव पद पर कुंजीलाल मीणा को लगाया गया है, वे अब तक प्रमुख कृषि सचिव के पद पर तैनात थे। अब उनकी जगह भास्कर सांवत को लगाया गया है। परिवहन आयुक्त रवि जैन को वाणिज्यकर आयुक्त के पद पर लगाया गया है। वहीं सूचना एवं जनसंपर्क आयुक्त महेंद्र सोनी नए परिवहन आयुक्त होंगे।

जानकारी के अनुसार सीएम गहलोत पिछले तीन-चार दिन से प्रशासनिक फेरबदल को लेकर अपने विश्वस्तों के साथ चर्चा कर रहे थे। अब आगामी दिनों में पुलिस एवं राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की तबादला सूची जारी होने की उम्मीद है। 

chat bot
आपका साथी