Rajasthan Weather: राजस्थान में बारिश और धूल भरी हवाएं चली
Rajasthan Weather जयपुर में दोपहर में मौसम के मिजाज बदल गए और तेज धूल भरी हवाएं चलने लगीं। कुछ देर में ही बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पूरे जयपुर शहर में 15 से 20 मिनट तक बारिश का दौर चला।
जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान में प्री मानसून ने दस्तक दे दी है। जयपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में सोमवार को आंधी चली और बारिश हुई। जयपुर में दोपहर में मौसम के मिजाज बदल गए और तेज धूल भरी हवाएं चलने लगीं। कुछ देर में ही बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पूरे जयपुर शहर में 15 से 20 मिनट तक बारिश का दौर चला। कोटा, बीकानेर, हनुमानगढ़, चूरू और श्रीगंगानगर में भी धूल भरी हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई। इससे पहले रविवार को श्रीगंगानगर, धौलपुर व सवाईमाधोपुर में बारिश हुई थी। मौसम विभाग के अनुसार, इस सप्ताह प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बारिश और धूल भरी हवाओं का दौर जारी रहेगा। विशेषकर कोटा व भरतपुर संभाग में तेज बारिश हो सकती है। इससे पूरे प्रदेश में तापमान में गिरावट होगी। प्रदेशवासियों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के विभिन्न इलाकों में तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ था। जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर,चूरू में लोगों को तेज गर्मी के कारण काफी परेशानी हो रही थी। अब बारिश के कारण उन्हें थोड़ी राहत मिली है।
इस साल समय से पूर्व चल रहे मानसून ने ओडिशा, बंगाल, झारखंड और बिहार होते हुए रविवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश में दस्तक दे दी। इसके मंगलवार तक राजधानी दिल्ली पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है। अगले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक मध्य भारत तक पहुंच चुका मानसून देश के उत्तरी इलाकों की ओर तेजी से बढ़ रहा है। अगले दो दिनों में यह पूरे उत्तर भारत को अपने आगोश में ले लेगा। अनुमान है कि इस साल पूरे देश में जून से सितंबर तक मानसून की सामान्य बारिश होगी। रविवार को मानसून ने उत्तर प्रदेश में दस्तक दे दी है। इससे सटे बिहार के सीमावर्ती इलाकों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। मध्य प्रदेश में दक्षिण पश्चिम मानसून सात दिन पहले पहुंच गया है। जबलपुर और शहडोल संभाग के जिलों के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।